गरियाबंद
स्वच्छता और आवास कार्यों पर दिया जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 30 मई। जिले की प्रभारी सचिव आर. संगीता ने शुक्रवार को नगर पालिका क्षेत्र गरियाबंद के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने एमआरएफ सेंटर पहुंचकर स्वच्छता दीदियों से कचरा प्रबंधन एवं पृथक्करण की जानकारी ली तथा सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग के निर्देश दिए।
पीएम स्वनिधि से स्वरोजगार बढ़ाने की सलाह
प्रभारी सचिव ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
आवास, तालाब और ईको पार्क का किया अवलोकन
उन्होंने वार्ड क्रमांक 08 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण कर बरसात से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लेकर गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने कहा। ईको पार्क में पौधारोपण, सिंचाई व्यवस्था और विकसित किए जा रहे ‘वुमन्स फार ट्री’ आकर्षण की जानकारी लेकर पार्क को बेहतर पर्यावरणीय स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


