गरियाबंद

खाद की कालाबाजारी, 603 बोरी उर्वरक जब्त
30-May-2026 3:08 PM
खाद की कालाबाजारी, 603 बोरी उर्वरक जब्त

केंद्रों का निरीक्षण, 265 बोरी खाद की बिक्री पर प्रतिबंध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 30 मई।  गरियाबंद जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 603 बोरी खाद जब्त की है। साथ ही 265 बोरी खाद के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।

कृषि विभाग उप संचालक से मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार को कलेक्टर  भगवान सिंह उईके के निर्देश तथा उप संचालक कृषि श्री चंदन रॉय के मार्गदर्शन में सहायक संचालक कृषि एवं उर्वरक निरीक्षक श्री अनिल कुमार कौशिक द्वारा शुक्रवार को विकासखंड फिंगेश्वर एवं छुरा के 11 उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पारख कृषि केन्द्र लोहरसी, गगन कृषि केन्द्र लोहरसी, प्रकाश खाद भंडार बासीन, गुरुकृपा कृषि केन्द्र बासीन, अन्नपूर्णा एग्रो एजेंसी राजिम तथा लक्ष्मी कृषि सेवा केन्द्र लोहझर सहित कई प्रतिष्ठानों में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के निर्धारित मापदंडों के उल्लंघन के मामले सामने आए।

कृषि विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 603 बोरी खाद जब्त करने तथा 265 बोरी खाद के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की है।

किसानों से अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद खरीदने की अपील

कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे संतुलित मात्रा में उर्वरक का उपयोग करें तथा केवल अधिकृत विक्रेताओं से निर्धारित दर पर ही खाद खरीदें। साथ ही खाद खरीदने पर पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। विभाग ने कहा है कि यदि किसी स्थान पर खाद की अधिक कीमत वसूले जाने, अवैध भंडारण या अनधिकृत विक्रय की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल विभागीय अधिकारियों को दें। किसानों से अफवाहों और भ्रामक खबरों से बचने की भी अपील की गई है।

नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी.

किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9977106777 एवं 7987538588 जारी किए गए हैं। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को समय पर आवश्यकतानुसार उर्वरक उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा खाद वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।


अन्य पोस्ट