गरियाबंद
नपा उपाध्यक्ष व मंडल महामंत्री ने रोकी गाडिय़ां
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 30 मई। नगर पालिका उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी एवं भाजपा मंडल के महामंत्री सिंटू-सौरभ जैन ने बुधवार शाम पौने चार बजे गंज रोड से एक के बाद एक निकल रही रेत भरे हाइवा वाहन को रोका। कहा कि प्रतिबंधित समय में ये गाडिय़ां कैसे निकल रही है।
ड्राइवर से पीट पास पूछा गया तो वे उस समय नहीं दिखा पाए। इसके बाद इन तीनों रेत भरी गाडिय़ों को गंज रोड मार्ग में हाई स्कूल मैदान ले जाकर खड़ा कराया गया। नपा उपाध्यक्ष श्री सोनी ने बताया कि उन्होंने माइनिंग विभाग के अधिकारी श्री भार्गव को फोन लगाया तो माइनिंग अधिकारी ने तत्काल टीम भेजने की बात कही। हैरान करने वाली बात यह है कि ईधर माइनिंग अधिकारी से जनप्रतिनिधियों की बात हो रही थी और उधर पलक झपकते ही तीनों गाड़ी के पास पीट पास पहुंच जाने की जानकारी सामने आई है।
मालूम हो कि इस संबंध में शहर के व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों में भारी नाराजगी का वातावरण है, परंतु नवापारा शहर के भीतर से गुजर रहे रेत से भरे हाइवा वाहनों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगरवासियों में इसे लेकर लगातार आक्रोश का वातावरण बनता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहन चालक नियमों को खुलेआम चुनौती देते नजर आ हैं। शहर के संकरे और व्यस्त मार्गों पर तेज रफ्तार से दौड़ते हाइवा किसी बड़े हादसे को न्योता देते दिखाई दे रहे हैं। नगरवासियों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच लगातार दौड़ रहे भारी वाहन लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर स्थायी समाधान नजर नहीं आ रहा है।
नागरिकों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि लगातार शिकायतों और विरोध के बाद भी रेत भरे हाइवा शहर के भीतर से ही गुजर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संबंधित ठेकेदारों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में किसी बड़े हादसे की आशंका को रोका जा सके। पालिका उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी ने बताया कि वे स्वयं खड़े होकर इन गाडिय़ों को रोका और थाना तथा माइनिंग विभाग को सूचित करते हुए कार्रवाई करने कहा।


