गरियाबंद

सुशासन तिहार में घायल बच्चों के इलाज के लिए सरपंच संघ ने मांगी आर्थिक सहायता
30-May-2026 4:11 PM
सुशासन तिहार में घायल बच्चों के इलाज के लिए सरपंच संघ   ने मांगी आर्थिक सहायता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 30 मई। ग्राम पंचायत खरहरी में 27 मई को आयोजित सुशासन तिहार के दौरान हुए हादसे में घायल बच्चों के बेहतर उपचार एवं आर्थिक सहायता की मांग को लेकर शुक्रवार को सरपंच संघ गरियाबंद द्वारा जिला प्रभारी सचिव आर. संगीता को गरियाबंद  प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में मुलाकात कर आवेदन सौंपा गया। इस दौरान सरपंच संघ को प्रभारी सचिव ने पीडि़त परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

सौंपे ज्ञापन में बताया कि 27 मई को ग्राम पंचायत खरहरी में सुशासन तिहार का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान शिविर स्थल पर स्थित एक विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक दो हिस्सों में टूटकर गिर गया, जिससे वहां मौजूद 7 से 8 लोग घायल हो गए। हादसे में दो बच्चों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सरपंच संघ ने बताया कि गंभीर रूप से घायल बच्चों के परिजन आर्थिक एवं मानसिक संकट से गुजर रहे हैं। उपचार में भारी खर्च आने के कारण परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में शासन-प्रशासन से विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है ताकि बच्चों का समुचित इलाज कराया जा सके।

इस अवसर पर सरपंच संघ के ब्लॉक अध्यक्ष  कोमल देव ध्रुव, नरेन्द्र ध्रुव, रोहित , जगदीश ठाकुर भुनेश्वरी  ठाकुर ,  अनुसूया,लखेंद्र ध्रुव, ललेस ठाकुर, हित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट