गरियाबंद
बच्चों को मिली किताबें, कॉमिक्स और खेल सामग्री का उपहार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 29 मई। वेदव्रत सिरमौर की संवेदनशील पहल के तहत गरियाबंद पुलिस ने पुलिस कॉलोनी में रहने वाले बच्चों के लिए गर्मी की छुट्टियों को ज्ञानवर्धक और मनोरंजक बनाने की सराहनीय शुरुआत की है। बच्चों के सर्वांगीण विकास और छुट्टियों के रचनात्मक उपयोग को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन स्थित लाइब्रेरी में विशेष व्यवस्था की गई है।
पुलिस लाइन की लाइब्रेरी में बच्चों के लिए उनकी पसंदीदा कॉमिक्स, ज्ञानवर्धक कहानियां और महापुरुषों की जीवनियां उपलब्ध कराई गई हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और टीवी जैसी डिजिटल स्क्रीन से दूर रखकर उनमें अध्ययन की आदत विकसित करना है।
इसके साथ ही बच्चों के शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा खेल सामग्री भी वितरित की गई है। अब पुलिस कॉलोनी के बच्चे शाम के समय खेलकूद का आनंद लेते नजर आ रहे हैं, जिससे उनमें खेल भावना, अनुशासन और आपसी तालमेल भी बढ़ेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण वे अपने बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। ऐसे में गर्मी की छुट्टियों में बच्चों का समय सही दिशा में बीते और वे मोबाइल-टीवी से दूर रहकर किताबों और खेलों से जुड़ें, इसी सोच के साथ यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि किताबें बच्चों का मार्गदर्शन करेंगी और खेल उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखेंगे।
गरियाबंद पुलिस की इस पहल को लेकर पुलिस कॉलोनी के परिजनों और बच्चों में उत्साह देखा गया। सभी ने जिला पुलिस प्रशासन और पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।


