दुर्ग

प्रतिबंध हटते ही नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ी, इस माह तीसरा नेत्रदान
13-Dec-2021 4:47 PM
प्रतिबंध हटते ही नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ी, इस माह तीसरा नेत्रदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 दिसंबर।
कोरोना संक्रमण का प्रतिबंध हटते ही दुर्ग जिले में नेत्रदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ गयी है, इसके परिणाम स्वरूप इस माह तीसरा नेत्रदान सम्पन्न हुआ।
धमधा तमेर पारा निवासी अनिल ताम्रकार(पूर्व पार्षद) की पत्नी लीलावती ताम्रकार के निधन के पश्चात उनका नेत्रदान  नवदृष्टि फाउंडेशन के माध्यम से हुआ। लीलावती ताम्रकार का निधन शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज जुनवानी में हुआ। जहां उनके पुत्र डॉ. शैलेन्द्र ताम्रकार, उत्तम ताम्रकार, पारसमणि ताम्रकार ने अपने पिता अनिल ताम्रकार व परिवार की बहुओं आँचल, अनामिका, मेघा से चर्चा कर नेत्रदान का निर्णय लिया।

लीलावती के भांजे विश्वास ताम्रकार ने नवदृष्टि फाउंडेशन के सदस्यों राज आढ़तिया, कुलवंत भाटिया, मुकेश राठी, डॉ. नितेश जैन  से सम्पर्क कर नेत्रदान हेतु सहयोग माँगा, जिस पर कुलवंत भाटिया जिला चिकित्सालय के नेत्र सहायक अधिकारी अजय नायक, अरुण सिंह, शत्रुहन सिन्हा, राम निवास नाग क साथ शंकराचार्य हॉस्पिटल पहुंचे, जहां जिला चिकित्सालय नेत्र विभाग प्रभारी डॉ. संगीता भाटिया के निर्देश पर  नेत्र सहायक अधिकारी अजय नायक, अरुण सिंह, शत्रुहन सिन्हा, राम निवास नाग ने कॉर्निया कलेक्ट किये व उन्हें सुरक्षित रायपुर मेडिकल कॉलेज पहुँचाया।

कुलवंत भाटिया ने कहा कि दो वर्षों से नेत्रदान पर प्रतिबंध की वजह से नेत्रदान हेतु वेटिंग लिस्ट में लोगों को असुविधा हो रही थी, किंतु अब लोगों की जागरूकता से हमारी संस्था का प्रयास सफल होता दिख रहा है और आशा है कि अन्य लोग भी इनसे प्रेरणा लेकर समाज के हित में नेत्रदान व देहदान करेंगे।

स्व लीलावती के पुत्र डॉ. शैलेन्द्र ताम्रकार ने कहा कि समाचार पत्रों व सोशल मिडिया पर लगातार नेत्रदान संबंधी पोस्ट पढ़ते पढ़ते उनके परिवार ने नेत्रदान का निर्णय लिया। अब उनकी माँ की आँखों से दो परिवारों को रौशनी मिलेगी। जाते-जाते माँ ऐसा कार्य कर गयी जो हमें ताउम्र याद रहेगा व गर्व होगा।

नव दृष्टि फाउंडेशन के सुरेश जैन ने लोगों से अधिक से अधिक नेत्रदान करने की अपील की व कहा नेत्रदान संबंधी सहयोग  हेतु हमारी संस्था के किसी भी सदस्य से सम्पर्क करें।
नवदृष्टि फाउंडेशन की ओर से अनिल बल्लेवार ,कुलवंत भाटिया,राज आढ़तिया, प्रवीण तिवारी,मुकेश आढ़तिया,  हरमन दुलई,किरण भंडारी,  रितेश जैन,जितेंद्र हासवानी, सत्येंद्र राजपूत,सुरेश जैन आदि ने स्व लीलावती को श्रद्धांजलि दी।
 व् ताम्रकार परिवार को नेत्रदान करने हेतु नमन किया।
 


अन्य पोस्ट