दुर्ग
कार से हूटर बजाकर सिग्नल तोडक़र भागे, गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 फरवरी। नशे की हालात में यातायात पुलिस को धमकाने वाले युवक के खिलाफ मोटर वीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी नेहरू नगर चौक पर कार से हूटर बजाकर सिग्नल तोडक़र भागने लगा। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने पकड़ लिया। इस पर खुद को पत्रकार का नकली पहचान पत्र दिखाकर पुलिस को धमकाने लगा। इस पर ट्रैफिक पुलिस ने नशेड़ी युवक के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने बताया, घटना 3 फरवरी की है। यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की पेट्रोलिंग टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान नेहरू नगर चौक पर एक स्विफ्ट कार (सीजी 07 बीटी 6429 ) का चालक क्वाटर 4 सी सडक़ 41 सेक्टर 08 निवासी अमित दास लाल सिग्नल होने के बावजूद सायरन बजाते हुए सिग्नल क्रॉस करने लगा। इस पर पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को तत्काल रोका लिया गया। पूछताछ के दौरान अमित दास का व्यवहार संदिग्ध मिला।
इस पर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, जिसमें चालक नशे की अवस्था में वाहन चलाते हुए पाया गया। वाहन में अनाधिकृत हूटर/सायरन का प्रयोग भी पाया गया। जांच के दौरान संबंधित चालक द्वारा स्वयं को पत्रकार बताते हुए कथित पत्रकार पहचान पत्र (प्रेस कार्ड) दिखाकर पुलिस कार्रवाई पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। संदेह होने पर जब उक्त पहचान पत्र की विधिवत जांच की गई, तो वह नकली निकला। इस पर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मोटर वीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना), 184 (खतरनाक वाहन चालन) एवं 119(3) (अनाधिकृत हूटर/सायरन का प्रयोग) के कार्रवाई की है।


