धमतरी
श्रृंगी ऋषि उमावि में पूर्व छात्र सम्मेलन, शिक्षकों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 19 दिसंबर। सतरंगी छटाएं बिखेरता शासकीय श्रृंगी ऋषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरी के परिसर में खूबसूरत मंच, पुरानी दोस्ती को जीने की तमन्ना लिए इधर-उधर तलाशती निगाहें, गुजरे वक्त की सुनहरी यादों को जिंदा करता विद्यालय परिसर, किस्सों में हंसी के ठहाके, इन सब लम्हों को समझते हुए रविवार को सन् 1998 में अध्यनरत पूर्व छात्रों का सिल्वर जुबली एल्युमिनी मीट 2023 कार्यक्रम संपन्न हुआ।
पच्चीस वर्ष बाद मिल रहे छात्र एवं शिक्षक विद्यालय परिसर में बीते दिनों को याद कर रहे थे। आयोजित एल्युमिनी मीट में बड़ी संख्या में पूर्व छात्राएं भी शामिल हुई। कुछ विद्यार्थियों ने अपने परिवार और बच्चों के साथ पहुंचकर मिलन समारोह की शोभा बढ़ाई। कुछ ने अपने पुराने दिनों की याद करते हुए अपनी कामयाबी की कहानी सुनाई। सभी किसी न किसी क्षेत्र में अपनी सेवाएं देते हुए देश की सेवा कर रहे हैं।
कार्यक्रम में वर्ष 1998 में अध्यापन कराने वाले शिक्षक ए.एल. बलपेला, एस.सी. पटेल, के.एस. ठाकुर, एम. श्रीवास्तव, कौशल, आर.के.गुप्ता, पी.एस. राय, एस.के. प्रजापति,डी.सी. खत्री, राजेश तिवारी, एन.एस. नेताम एवं ऋषि सोनी उपस्थित थे। पूर्व छात्र-छात्राओं की ओर से शिक्षकों के अमूल्य योगदान के लिए शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
मंच संचालन राजकुमार शील एवं भूपेश बनपेला ने किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवीण साहू, विनय नाग, अतुल ध्रुव, आनंद देवांगन, उत्तम सोनी एवं निकेश देवांगन का योगदान रहा।
गौरांवित पल
व्याख्याता डी. सी.खत्री ने कहा कि आप सभी ने इस विद्यालय में अपना काफी समय बिताया है एवं कड़ी मेहनत की। अच्छे अंक प्राप्त करके इस विद्यालय का नाम रोशन किया है। आप सभी में से कोई डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक एवं अन्य प्रोफेशन से जुड़े हैं। यह मुकाम आप सभी ने अपनी मेहनत से पाया है। हम सभी गर्वित हैं।
अविश्वसनीय मिलन
1998 बैच के पूर्व छात्र राज कुमार शील ने कहा कि आज व्यस्तता बहुत अधिक होती है, जिसमें स्पेशल समय निकाल पाना मुश्किल होता है। पढ़ाई समाप्त होने के बाद नहीं सोचा था, फिर से मित्रों के साथ मिलन संभव होगा, लेकिन पच्चीसवें वर्ष ही सही मिलन नसीब था। यह अविश्वसनीय मिलन है।


