धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद,15 दिसंबर। पहले पीसीसी की नोटिस और अब समीक्षा बैठक में भीतरघात के आरोपों का सामना कर रहे नगर पंचायत अध्यक्ष ने प्रेस कांफ्रेंस में खुद को बेगुनाह बताते हुए आरोप लगाने वाले प्रत्याशी पति को ही पार्टी की हार के लिए जिम्मेदार बताया है।
गुरुवार को नगर के पत्रकारों से चर्चा करते हुए नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर ने कहा कि कुरुद में कांग्रेस प्रत्याशी तारणी चंद्राकर को टिकट मिलने के बाद कांग्रेस के छोटे-बड़े सभी कार्यकर्ताओं ने उन्हें जिताने के लिए कमर कस ली थी। लेकिन उनके अहंकारी पति ने वरिष्ठों को दरकिनार करके लगातार अमर्यादित बयानबाजी करते रहे, जिसके चलते चुनावी माहौल बिगड़ता गया और अंतत: पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। उन्हीं की शिकायत पर हमें प्रदेश संगठन ने नोटिस भेजा और अब समीक्षा बैठक में हार का ठीकरा हम पर फोडऩे का असफल प्रयास किया जा रहा है।
नपं अध्यक्ष ने एक प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि मैंने तो हमेशा क्षेत्र के युवाओं कांग्रेस से जोडऩे का काम किया है। मुझे चुनाव में जो जिम्मेदारी दी गई थी, उसका बखूबी निर्वहन भी किया, हम सब कार्यकताओं की मेहनत से ही पार्टी प्रत्याशी को 86 हजार से अधिक वोट मिले हंै। चुनाव जीत भी रहे थे, लेकिन उनके पति नीलम चंद्राकर के अहंकार, मिस मैनेजमेंट व एक-दूसरे को निपटाने की अनर्गल बयानबाजी ने कांग्रेस को हरा दिया। अब वे समीक्षा बैठक के नाम पर अपनी गलती छुपाने का प्रपंच कर रहे हैं।
दूसरों पर उंगली उठाने वाले पहले इस बात का जवाब दें कि वे अपने ही वार्ड और बूथ से कैसे हार गये ?
नपं अध्यक्ष श्री चन्द्राकर ने दावा किया कि क्षेत्र का कोई भी कार्यकर्ता कह दे कि मैंने चुनाव में पार्टी विरोधी काम किया है तो मैं स्वत: इस्तीफा दे दूंगा।


