धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, , 9 दिसंबर। चक्रवाती तूफान मिचौंग का असर सोमवार से धमतरी जिले में पड़ा और क्षेत्र असमय बारिश होने लगी। जिसके चलते सोसायटियों में भी धान खरीदी बंद है। अब मौसम खुलने से धान उठाव के साथ साथ फिर से खरीदी करने की तैयारी सभी समितियों में की जा रही है। मौसम ने साथ दिया तो सोमवार से सभी केन्द्रों में पुन: धान खरीदी प्रारंभ होगी। इस अवधि के टोकन को रिशेडयुल करने की प्रक्रिया जारी है।
ज्ञात हो कि कुरुद तहसील अंतर्गत सभी 22 सोसायटियों में धान खरीदी का काम निर्बाध रूप से चल रहा था। लेकिन मौसम का मिजाज बिगडऩे से क्षेत्र की सोसायटियों में 4- 5 दिसंबर से धान खरीदी बंद कर दी गई थी।
शनिवार को 5 दिन बाद मौसम खुलने से समितियों में भंडारित स्टाक से मिलर्स अरंवा किस्म के धान का उठाव कर रहे हैं। वर्तमान में उसना प्रजाति के धान का उठाव नहीं हो रहा है, जिससे समितियों में हजारों किंव्टल धान जाम पड़ा है, समय रहते इसका प्रबंध नहीं किया गया तो आगे चलकर यही एक समस्या बन सकता है।
बेमौसम बरसात होने से पहले से कटे टोकन भी रद्द हो गया। अचानक एक सप्ताह तक धान खरीदी बंद होने से किसानों के समक्ष भी अपनी उपज को सुरक्षित रखने की समस्या से जूझना पड़ा। अब उनके पुराने टोकन को नई तिथि में ऑनलाइन जारी हो रहे टोकन के साथ अरजेस्ट किया जाएगा।
कॉपरेटिव बैंक कुरुद ब्रांच की 9 नारी और मरौद ब्रांच की 4-4 एवं दरबा शाखा की 5 सहकारी समितियों के अंतर्गत सभी 22 सोसायटियों में निर्भर किसानों को इसी तरह की स्थिति से दो चार होना पड़ रहा है। धूप निकलने के बाद शनिवार को कुरुद सहकारी समिति में बचत स्टाक 4885 किंव्टल धान के उठाव हेतु ट्रक लगाई गई, इसी तरह से अन्य केन्द्र से भी धान का उठाव जारी है।


