धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 6 दिसंबर। शैक्षिक प्रशासन में नवाचार के लिए कुरुद विकासखण्ड स्रोत समन्वयक राजेश पाण्डेय का चयन राष्ट्रीय शैक्षिक एवं योजना प्रशासन नई दिल्ली के द्वारा किया गया। जिन्हें दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने अपने हाथों से राष्ट्रीय अवार्ड प्रदान किया गया।
डॉ.अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र नई दिल्ली में 4 एवं 5 दिसंबर को शैक्षिक प्रशासन में नवाचार के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जिला एवं ब्लॉक के उत्कृष्ट शैक्षिक नवाचारी प्रशासकों का राष्ट्रीय सम्मेलन और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कांफ्रेंस में देश के विभिन्न राज्यों के चयनित अधिकारियों ने अपने नवाचार की प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ से चयनित नवाचार को निर्णायक मंडल ने सराहा और छत्तीसगढ़ की प्रस्तुति के लिए अतिरिक्त समय भी दिया।
इस मौके का लाभ उठाते हुए छत्तीसगढ़ के बेस्ट नवाचार को अपने विकासखण्ड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त करने वाले सबसे कम उम्र के युवा बीआरसीसी राजेश पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने कैसे कोविड काल में ऑनलाईन कक्षाओं के सफल संचालन ब्लॉक नोडल के रूप में किया, जिसमें जिले में सर्वाधिक बच्चों को ऑनलाईन कक्षा में जोडक़र जिले में प्रथम रहे, वहीं विकासखण्ड स्रोत समन्वयक कार्यालय के संचालन एवं कार्यालय को स्वच्छ एवं सुंदर नया रूप देने भी इनके द्वारा विशेष प्रयास किया जाता रहा है।
विकासखण्ड में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा में जोडऩे हेतु विशेष पालक सम्पर्क अभियान, शिक्षकों के साथ शैक्षिक संवाद, नियमित मॉनिटरिंग, छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं सुघ्घर पढ़वाईया, गैर आवासीय शिक्षा प्रशिक्षण, एफएलएन, बालवाड़ी, सक्रिय पीएलसी, अंगना म शिक्षा आदि को किस तरह जमीन पर उतारा गया, इसकी प्रस्तुति श्री पाण्डेय द्वारा दी गई।


