धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 4 नवंबर। ग्राम पंचायत चारभाठा के पंचायत पदाधिकारियों ने धमतरी कलेक्टर को लिखित आवेदन देकर रेत खदान संचालक की शिकायत पर ग्रामीणों के खिलाफ कुरूद थाने में दर्ज एफआईआर को फर्जी करार देते हुए रद्द कराने की फरियाद लगाई है। साथ ही खदान बंद कराने की मांग दोहराते हुए चुनाव बहिष्कार के अपने फैसला की याद दिलाई है।
कुरूद विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत चारभाठा की महिला सरपंच टेमीन साहू ने 3 अक्टूबर को पंच धरमचंद साहू, गायत्री निशाद, लिलेश्वरी नगारची, प्रेमबाई, अनीता, उमाबाई, गायत्री सोनकर, शिवकुमार,गयाराम साहू के हस्ताक्षर युक्त आवेदन देकर बताया कि महानदी के रेत खदान का संचालन संजय सिंह द्वारा किया जा रहा है।
सप्ताह भर पहले पंचायत के साथ मिलकर ग्रामीणों ने गांव में पेयजल संकट, पर्यावरण और बिहारी लोगों के आतंक से छुटकारा पाने के लिए रेत खदान बंद कराने की मांग करते हुए आंदोलन किया था। तब वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव आकर हमें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया था। लेकिन अब तक रेत माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई, उल्टे खदान संचालक की झुठी शिकायत पर बेकसुर दस ग्रामीणों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा है कि हमें न्याय नहीं मिला तो हम सभी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने अपने इस सामुहिक फैसले का ऐलान बकायदा सार्वजनिक स्थल पर पोस्टर लगा कर किया है।


