धमतरी

रेत खदान का ठेका निरस्त करने की मांग, कलेक्टोरेट का घेराव
25-Oct-2023 8:31 PM
रेत खदान का ठेका निरस्त करने की मांग, कलेक्टोरेट का घेराव

ठेकेदार पर मारपीट और दादागीरी करने का आरोप,  चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

धमतरी, 25 अक्टूबर। धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र के चारभाठा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने रेत खदान का ठेका निरस्त करने की मांग को लेकर आज जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय का घेराव कर दिया और विधानसभा चुनाव के बहिष्कार करने की चेतावनी दी। 

ज्ञात हो कि चारभाठा गांव के ग्रामीण रेत तस्करों से परेशान हैं। आरोप है कि जिला प्रशासन और खनिज विभाग से सांठगांठ कर रेत माफिया प्राकृतिक संसाधनों का खुलेआम दोहन कर रहा है। उसके बाद भी रेत ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। 

ग्रामीणों का आरोप है कि अब रेत माफिया के हौसले बुलंद हैं। वह गांववालों के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गया है। चारभाठा रेत खदान को निरस्त करने की मांग को लेकर गांववालों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

 विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी देने के साथ ही जिला प्रशासन में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में अफसरों ने ग्रामीणों को मनाने की कोशिश भी की, लेकिन उसका कोई असर नहीं दिखा। 

चारभाठा के मतदाताओं की मांग है कि यदि जिला प्रशासन रेत ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं करेगा तो इस बार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार कर दिया जाएगा। गांववालों ने यह भी बताया कि नदियों में भारी मशीनों के प्रतिबंध के बावजूद चैन माउंटेन जैसी मशीनों का उपयोग लगातार जारी है और हाइवा वाहनों से रेत की तस्करी जारी है। 


अन्य पोस्ट