धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 22 अक्टूबर। भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार नामांकन से पहले इन दिनों असंतुष्ट एवं किसी वजह से नाराज़ होकर घर बैठ चुके अपने वरिष्ठ नेताओं को मनाने बुझाने में लगे हैं। इस मामले में अब तक सत्तापक्ष ने बढ़त हासिल कर ली है, लेकिन विपक्ष के कुछ नेता अभी भी मान मनौव्वल की बाट जोह रहे हैं।
गौरतलब है कि साहू बाहुल्य कुरुद विधानसभा सीट से इस बार दोनों प्रमुख दलों ने कुर्मी समाज के लोगों की उम्मीदवारी तय कर मुकाबले को रोचक बना दिया है। पहली बार यहां बराबरी का मुकाबला होने की स्थिति बनता देख प्रत्याशी अब अपने भुले बिसरे नेताओं को मनाने में जुटे हैं। टिकट हासिल करने में अव्वल रहे भाजपा प्रत्याशी अजय चंद्राकर ने इसकी शुरुआत टिकट मांग रहे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रघुनंदन साहू के घर जाकर की। जाने अंजाने में हुई ग़लती को नजऱ अंदाज़ कर पार्टी के लिए काम करने का आग्रह करते हुए उन्होंने श्री साहू को गले लगा लिया। इसके अलावा कुरुद, चर्रा, कोकड़ी, गुदगुदा, सिरसिदा, चारभाठा, मंदरौद, कोडेबोड, सिर्री, चिंवरी, भेन्ड्री, भखारा, पचपेड़ी सहित चारों भाजपा मंडल के असंतुष्ट और नाराज चल रहे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के गांव घर जाकर उनसे बात की, तब इनमें से कुछ ने पुछ परख नहीं होने और कुछ ने अपना काम नहीं होने को नाराजग़ी की वजह बताई। आगे से ऐसी ग़लती नही होने का भरोसा दिलाते हुए रुठे लोगों को मनाने का प्रयास किया गया। लेकिन कुछ सालों से आत्मसम्मान रक्षार्थ विधायक से दूरी बनाए बैठे कुछ खास लोगों पर अब भी भाजपा प्रत्याशी की नजरें इनायत नहीं हुई है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इसका खामियाजा चुनाव में पार्टी को उठाना पड़ सकता है।
इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी तारिणी नीलम चन्द्राकर भी अपने समकक्ष टिकटार्थी नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर, जपं अध्यक्ष शारदा साहू, छाया विधायक लक्ष्मीकान्ता हेमंत साहू, विधानसभा युकां अध्यक्ष देवव्रत साहू, भखारा नपं पूर्व अध्यक्ष भरत नाहर, पुर्व विधायक लेखराम साहू, राजकुमारी दीवान, रमेश पाण्डेय, वामनराव मगर, गोविन्द साहू, सेवकराम तारक आदि कांग्रेसी नेताओं के घर जाकर अतीत की गलतियों एवं टिकट मांगने के दौर में हुई कहासुनी को भूलाकर पार्टी को जिताने एक जुटता से चुनाव लडने का निवेदन किया। जिस पर वरिष्ठ जनों ने प्रत्याशी पति को संयमित व्यवहार रखने की सलाह देते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नारे अबकी बार पचहत्तर पार में कुरुद को शामिल करने, हैं तैयार हम कहते हुए भारी बहुमत से विजयी होने का आशीर्वाद दिया है।।


