धमतरी

बेजा कब्जा हटाने उपसरपंच के मकान पर चला बुलडोजर
24-Aug-2023 8:23 PM
बेजा कब्जा हटाने उपसरपंच के मकान पर चला बुलडोजर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद,  24 अगस्त। पंचायत प्रस्ताव के आधार पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बारिश के इस मौसम में अपने सामने एक उपसरपंच के मकान पर बुलडोजर चलवाकर अतिक्रमण हटवा दिया। दो दिन पहले भी इसी तरह की कार्रवाई में एनएच के पास एक अवैध निर्माण पर जेसीबी चलाई गई थी।

गौरतलब है कि मगरलोड जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत डाभा में गुरुवार को अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, एसडीएम सोनाल डेविड, एसडीओपी कृष्णा पटेल,  तहसील, थाना प्रभारियों एवं भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उपसरपंच शिवकुमार साहू द्वारा शासकीय जमीन पर बेजा कब्जा कर बनवाया गया मकान को तीन बुलडोजर चलवा कर जमींदोज कर दिया गया।

सरपंच शेखन साहू ने बताया कि पंचायत के मना करने के बावजूद उपसरपंच ने दो साल पहले घास जमीन में अतिक्रमण कर करीब दो हजार वर्ग फीट में मकान बनवा लिया था। जिसे हटवाने हमने कलेक्टर, एसडीएम से शिकायत की, तीन बार तहसील कार्यालय का घेराव किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार को मोहंदी में दिनभर चक्का जाम किया था। तब अधिकारियों ने आज अतिक्रमण हटवाने में पंचायत की मदद की है।

 इसी तरह दो दिन पहले धमतरी रायपुर नेशनल हाईवे में स्थित ग्राम कोड़ेबोड़ में आरटीओ विभाग की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सडक़ से लगी 0.06 हेक्टेयर भूमि से बेजा कब्जा हटाने बुलडोजर चलाया गया था। इस बारे में एसडीएम डेविड ने बताया कि अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई में कानून व्यवस्था बनाए रखने का काम हम सम्हाल रहे हैं। बाकी काम पंचायत का है।

ज्ञात हो कि मैदानी राजस्व अमले एवं पंचायत की अनदेखी के चलते गांव-गांव में अतिक्रमण की बाढ़ आ गई है, हालत इतने खऱाब है कि पंचायतों में शासकीय भवनों तक के लिए खाली जमीन नहीं बची है। राष्ट्रीय राजमार्ग मे हुए सडक़ चौड़ीकरण के वक्त मलबा के नाम पर मोटा मुआवजा लेने वाले लोग फिर से सडक़ किनारे अवैध कब्जा कर दुकान बनवाने लगे हैं। क्षेत्रवासियों की मांग है कि समय रहते प्रशासन को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट