धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 01 जुलाई। कुरुद जनपद की सामान्य सभा की बैठक में इस बार शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, मनरेगा, पीएचई, कृषि, विभाग आदि के कार्यों की समीक्षा हुई। जिसमें सदस्यों ने स्कूल मरम्मत, पानी निकासी, क्षेत्र की बदहाल सडक़ों एवं मनरेगा के तकनीकी सहायकों के प्रभार बदलने जैसे मुद्दों को लेकर सवाल उठाए। करीब चार घंटे चली बैठक में संबंधित अफसर को समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने की हिदायत दी गई।
शुक्रवार को जनपद पंचायत के सभा हाल में हुई समान्य सभा की बैठक में सदस्यों ने स्कूल मरम्मत जैसे कार्य पंचायत की जगह आरईएस से कराय जाने को लेकर सरपंचों की नाराजगी का मुद्दा उठाया। नारी के प्राथमिक विद्यालय के प्रवेश मार्ग में बरसाती पानी जमा हो जाने का मामला सदन में रखा गया, जिसपर मुरुम एवं बजरी गिट्टी डाल रास्ता बनवाने का निर्देश दिया गया। देवरी एवं सिहाद की स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की जिम्मेदारी बीईओ को दी गई। एक सदस्य ने शिक्षा का अधिकार में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी मांगी। विपक्ष के कुछ सदस्यों ने भारतमाला प्रोजेक्ट के लिए गांव गांव में हो रहे अवैध मिट्टी,मुरुम उत्खनन का मामला उठाया। उनका कहना था कि भारी भरकम वाहनों की वजह से ग्रामीण सडक़ें कुछ समय में ही बदहाल हो गई है, बरसात में इन सडक़ों पर चलना मुश्किल हो रहा है।
सत्ता पक्ष की एक महिला सदस्य ने ग्राम सिलघट की तीन एकड़ भूमि में रागी फसल लगाने का सुझाव दिया,जिसे फौरन मंजूरी दे दी गई। पीएचई विभाग को लंबित कार्य को पूरा करने एवं क्लोरीन से पेयजल स्रोतों को शुद्ध करने की समझाइश दी गई। विद्युत विभाग को डांडेसर और चर्रा पंचायत में अतरिक्त पोल लगाने कहा गया। मनरेगा में कुछ तकनीकी सहायकों का कार्यक्षेत्र बदलने की मांग करते हुए सिवनीकला में हुए गड़बड़झाला का मामला उठा इसके जांच की जरूरत बताई। अध्यक्ष शारदा साहू ने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि जनभावना के अनुरूप तय शासकीय नियमों के आधार पर ही विकास कार्य संपादित होंगे। कार्य में लापरवाही बरतने वाले को बक्श नहीं जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष जानसिंग यादव, विधायक प्रतिनिधि गौकरण साहू, सीईओ जीआर यादव, सभापति रविन्द्र साहू, धरमपाल, कांति साहू, पुरषोत्तम लाल, तामेश्वरी, पदमा, परमेश्वरी, साहू, देवकुमारी, सुनिल गायकवाड़, राकेश ध्रुव, मनीषा वर्मा सहित अन्य जनपद सदस्य, अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।-


