धमतरी
खराब मौसम ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, उत्पादन को लेकर बढ़ी चिंता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 9 अप्रैल। बेमौसम रुक-रुककर हो रही बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। सर्द-गर्म मौसम के चलते धान के पौधों में बालियां निकलने के साथ ही कीटों का प्रकोप शुरू हो गया। यही नहीं बालियां निकलते ही पौधे सूख रहे है। किसानों का कहना है कि बालियां निकलते ही 10 प्रतिशत धान का पौधा उसकी चपेट में है। इससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के चलते मौसम में तेजी से परिवर्तन हो रहा है। पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में बेमौसम रूक-रूक कर बारिश हो रही है, जिसका सीधा असर धान के पौधों में देखने को मिल रहा है।
शुक्रवार को ‘छत्तीसगढ़’ ने ग्राम पोटियाडीह, नगर पंचायत आमदी और कंवर में खेत का मुआयना कर धान की फसलों को देखा। इस दौरान देखा गया कि अधिकांश फसलों में धान की पत्तियां पैरा जैसे सफेद हो गई है। इसके अलावा धान पौधों की पत्तियों में लाल रंग का दाग तेजी से फैल रहा है। इससे किसानों को फसल खराब होने का डर सता रहा है।
किसान राजा साहू, टोपेन्द्र साहू, नरेश सिन्हा, कोमल साहू ने बताया कि मौसम खराब होने के चलते धान के पौधों में तना छेदक, लीप ब्लाइंड, माइट समेत फंगस का अटैक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। किसानों ने बताया कि सूखे खेतों में मर चुके फसलों को जीवनदान मिला है, लेकिन जिन खेतों में धान की बालियां निकल आई है, वह कीटों की चपेट में आ गया है। बेमौसम बारिश के चलते कीट नियंत्रण के लिए उन्हें बार-बार कीटनाशक दवाइयों का छिडक़ाव करना पड़ रहा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
लीप ब्लाइंड की शिकायत ज्यादा
कृषि के जानकारों की मानें तो धान की बालियां निकलने के दौरान यदि बीमारियों पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो फसल उत्पादन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में धान में उकसा और लीप ब्लाइंड की शिकायत सबसे ज्यादा है। इसके नियंत्रण के लिए कृषि विभाग की ओर से किसानों को गाइड भी किया जा रहा है।
अप्रैल के अंत तक होगी फसलों की कटाई
किसान सुदर्शन ठाकुर, प्रेमलाल देवांगन, होरीलाल साहू ने बताया कि जिन किसानों ने पहले धान लगाया है, उनकी फसलें एक माह के भीतर पककर तैयार हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अप्रैल के अंत तक धान की फसलों की कटाई शुरू हो जाएगी। इसके लिए थ्रेशर मशीन मालिकों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दिया है।


