धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 3 अप्रैल। छत्तीसगढ़ पंचायत सचिव संघ द्वारा नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन रावण भाठा नगरी में किया जा रहा है।
इस धरना प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य लता उसेंडी एवं राष्ट्रीय मंत्री भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा एवं पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह इस आंदोलन के समर्थन में रावणभाठा नगरी स्थित धरना स्थल पर पहुंचे।
इस दौरान लता उसेंडी ने कहा कि यह सरकार गंगाजल की कसम खाकर हर वादों से मुकर रही है। यह सरकार पूरी तरह से अहंकार में चल रही है। इन्होंने सरकार बनने से पहले गंगाजल लेकर के यह वादा किया था कि सभी अनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा, लेकिन दुर्भाग्य का विषय है कि अब यह सरकार किसी भी आंदोलनरत अधिकारी कर्मचारियों से बात करने को तैयार नहीं है। इससे ऐसा लगता है कि यह सरकार अहंकारी हो गई है।
पिंकी शिवराज शाह ने कहा कि सरकार को अपने द्वारा किए गए वादा को पूरा करना चाहिए। अपने वादों से मुकरना नहीं चाहिए। झूठे वादों के चलते यह सरकार बनी है आने वाले समय में इस सरकार को उखाड़ फेंकना है। इस दौरान सचिव संघ ने भाजपा नेताओं का अभिनंदन स्वागत किया इस समर्थन पर उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस दौरान इनके साथ भारतीय जनता पार्टी के जिला के मंत्री राजेंद्र गोलछा प्रेमलता नागवंशी मंडल अध्यक्ष मोहन नाहटा, भाजपा के वरिष्ठ डॉक्टर केएस शांडिल्य,जनपद अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम, जिला अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष एवं सरपंच महेंद्र नेताम, महिला मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुलोचना साहू, कुकरेल मंडल के महिला मोर्चा के अध्यक्ष ईश्वरी नेताम, निर्गुड़ी की सरपंच अनिता सहित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


