धमतरी

किसान सम्मान निधि: अपात्र किसानों से 32 करोड़ में से सिर्फ 10 लाख की वसूली
23-Feb-2023 2:42 PM
किसान सम्मान निधि: अपात्र किसानों से 32 करोड़ में से सिर्फ 10 लाख की वसूली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 23 फरवरी।
किसानों को आर्थिक रूप से मजबूती देने शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ टैक्स पेयर किसान के अलावा अपात्र किसान भी उठा रहे हैं। अब तक 32 करोड़ की राशि दी जा चुकी है। जांच में हुई पुष्टि के बाद 22 हजार से अधिक किसानों से रिकवरी के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों का पसीना छूट रहा है।

ऐसे किसान जिनके पास 5 एकड़ से कम भूमि है, उनके खाते में इस योजना के तहत सालाना 6 हजार रुपए की राशि 3 चरणों में प्रदान करना है। जिले में ऐसे किसानों की संख्या करीब एक लाख 36 हजार 594 हैं। इनमें से टैक्स अदा करने वाले के अलावा अपात्र किसान भी चोरी छिपे इस योजना के तहत राशि का आहरण कर रहे हैं।

जांच में हुई पुष्टि के अनुसार जिले में करीब 22 हजार 53 किसान ऐसे हैं, जिन्होंने 32 करोड़ रुपए की राशि डकार ली है। किसानों को चिन्हांकित करने के बाद पीएम सम्मान निधि की राशि की वसूली के लिए कृषि विस्तार अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया गया है कि अब इन किसानों को 3 बार से अधिक नोटिस जारी किया जा चुका है। टैक्स पेयर और अपात्र को मिलाकर करीब 121 किसानों से मात्र 10 लाख रुपए की वसूली की जा सकी है। शेष राशि के लिए कृषि विभाग को मशक्कत करना पड़ रहा है।

ऐसे हुआ खुलासा
इनकम टैक्स अदा करने के अलावा गाइडलाइन के अनुसार अपात्र किसानों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलना है, लेकिन शुरुआती दौर में अधिकांश किसानों ने मुखिया के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों के नाम से आवेदन कर दिया। केवाईसी अपडेट कराने के बाद जब आवेदनों की दोबारा जांच-पड़ताल की गई, तो मामले का खुलासा हुआ।

अपात्र किसान एक नजर में
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले के कुरूद ब्लाक में सर्वाधिक 7247 किसान अपात्र पाए गए हैं। इसके अलावा धमतरी में 3 हजार 273, मगरलोड में 4 हजार 790, नगरी में 2 हजार 377, 2 हजार 539 किसान अपात्र पाए गए हैं, जबकि 2 हजार 436 किसान आयकर दाता के रूप में चिन्हांकित हुए हैं। इस तरह करीब 22 हजार 53 किसानों से कृषि विभाग को करोड़ों रुपए की रिकवरी करना है।


अन्य पोस्ट