धमतरी

13 चिटफंड कंपनियों से निवेशकों को लेना है 4 अरब, सीज संपत्तियों की नीलामी का इंतजार
22-Feb-2023 3:30 PM
13 चिटफंड कंपनियों से निवेशकों को लेना है  4 अरब, सीज संपत्तियों की नीलामी का इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 22 फरवरी।
चिटफंड कंपनियों से जब्त की गई संपत्तियों की नीलामी नहीं होने के कारण अब भी जिले के 1.59 लाख निवेशकों की 4 अरब से अधिक की राशि नहीं मिली है। इसके लिए निवेशक लगातार चक्कर काट रहे हैं। निवेशकों ने राशि वापसी के लिए आंदोलन तेज करने की बात कही है।

धमतरी में करीब 3 सौ चिटफंड कंपनियों ने 1 लाख 59 हजार निवेशकों ने 4 अरब 23 करोड़ रुपए अपने खून पसीने की कमाई को जमा कराया था। राशि वापसी के लिए वे लगातार आंदोलन करते रहे हैं। पूर्व में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि सत्ता में आने पर चिटफंड कंपनियों की संपत्तियों को जब्त कर सभी निवेशकों का पैसा लौटाया जाएगा। इसे अभी अब तक पूरा नहीं किया गया। हालांकि स्थानीय प्रशासन ने जिले में 15 चिटफंड कंपनियों की चल-अचल संपत्तियों को सीज किया है। इनमें से मिलियन माइल्स इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की परिसम्पत्ति नीलामी कर 2.15 करोड़ रुपए की राशि 3 हजार 660 लोगों के खातों में राशि जमा कराई गई। यह राशि कंपनी की ग्राम कोडेबोड पटवारी हल्का नंबर 33 में स्थित भूमि कुल खसरा नंबर 33, रकबा 11.290 हेक्टेयर भूमि नीलामी 2 करोड़ 15 लाख 15 हजार रुपए में बेचकर दिया गया है।

इनकी सुनवाई बाकी
संयुक्त कलेक्टर धमतरी ऋषिकेश तिवारी ने बताया कि न्यायालय में जिन कंपनियों की सुनवाई के बाद एनओसी मिलना हैं, उनमें चिटफंड कंपनी जेएचबी, साईं प्रसाद प्रॉपर्टी, महानदी एडवायरी आदि शामिल है। जल्द ही इसकी सुनवाई भी पूरी हो जाएगी। जिला प्रशासन 15 चिटफंड कंपनियों की संपत्ति को जब्त किया है। इनमें से कुछ मामले की सुनवाई अभी चल रही है। एनओसी मिलते ही जब्त संपत्तियों को बेचकर सीधे निवेशकों के खाते में राशि लौटाई जाएगी।

 


अन्य पोस्ट