धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 22 फरवरी। छत्तीसगढ़ राज्य योजना आयोग की ओर से जारी छत्तीसगढ़ एसडीजी (सतत विकास लक्ष्य) डिस्ट्रिक्ट रैंकिंग में प्रदेश का धमतरी जिला 72 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। धमतरी सहित राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, बेमेतरा, गरियाबंद, महासमुंद व रायपुर जिले सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के आधार पर फ्रंट रनर जिलों में शामिल हैं।
प्रदेश के शेष जिले परफार्मर श्रेणी में शामिल हैं। सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में जिलों को उनके द्वारा अर्जित किए गए स्कोर के आधार पर चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है- एचीवर (100 अंक) फ्रंट रनर (65.99 अंक) परफोर्मर (50.64 अंक) एस्पायरेंट (50 से कम अंक)।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर सतत विकास लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने और विकास का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य योजना आयोग ने छत्तीसगढ़ एसडीजी (डिस्ट्रिक्ट प्रोग्रेस रिपोर्ट) व ऑनलाईन मॉनिटरिंग में सहायता हेतु तैयार किए गए एसडीजी डैशबोर्ड तैयार किया गया है। इनकी सहायता से जिला स्तर पर कलेक्टर व विभाग विभिन्न सतत विकास लक्ष्यों की प्रगति का मूल्यांकन, मॉनिटरिंग और प्रगति को ट्रैक कर सकेंगे। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा सतत विकास को सुनिश्चित करने के लिए वैश्विक स्तर पर 17 सतत विकास लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें गरीबी खत्म करना, पर्यावरण की रक्षा, आर्थिक असमानता को कम करना और सभी के लिए शांति और न्याय सुनिश्चित करना आदि विषयों पर रैंकिंग हुई।
सबसे बेहतर रहा परफॉर्म
एसडीजी डिस्ट्रिक्ट रैंकिंग 2021 में धमतरी जिले ने सर्वाधिक 72 अंक प्राप्त कर प्रथम रैंक हासिल किया है। इसी तरह राजनांदगांव जिला 70 अंकों के साथ दूसरे, बालोद और दुर्ग जिले 68 अंक के साथ तीसरे, बेमेतरा जिला 67 अंक के साथ चौथे, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर जिला 65 अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं। ये सभी जिले फ्रंट रनर श्रेणी के जिलों में शामिल हैं।


