धमतरी

बिजली कटौती-25 गांवों के किसानों ने फसल को बचाने घेरा कलेक्टोरेट
17-Feb-2023 2:50 PM
बिजली कटौती-25 गांवों के किसानों ने फसल को बचाने घेरा कलेक्टोरेट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 17 फरवरी।
गट्टासिल्ली क्षेत्र के करीब 25 गांवों के किसानों ने कलेक्टोरेट में जमकर नारेबाजी की। बिजली कटौती की शिकायत लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे 25 गांवों के किसानों ने रबी फसल को बचाने के लिए कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी से गुहार लगाई।

करैहा के किसान तीरथ नाग, सखाराम साहू, सहदेव राम साहू, छन्नूराम साहू ने बताया कि करैहा, महमल्ला फीडर, सब स्टेशन सरई टोला के तहत 9 ग्राम पंचायतों के 25 गांवों में बिजली कटौती से किसान परेशान हैं। रोजाना सुबह 6 बजे से लेकर 12 बजे तक बिजली बंद कर दी जाती है, जिसके कारण किसान मोटर पम्प से खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। बिजली कटौती से गांवों में पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गया है। 

वनांचल के अधिकांश गांवों में स्थल नल जल योजना है, जहां मोटर पम्प से टंकियों को भरा जाता है तथा टंकियों से घरों तक पानी सप्लाई होती हैं। किसान धनीराम नेताम, शिशुपाल नेताम, गैंदराम नागेश ने बताया कि गट्टासिल्ली क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था बेहद लचर है। यहां पदस्थ बिजली कर्मचारी और अधिकारियों की मनमानी से ग्रामवासी हलाकान हो चुके है। लोगों को पीने के लिए पानी मिल पा रहा है और न ही खेतों की सिंचाई कर पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में खेतों में लगी फसल चौपट हो रही है।

यहां फसल हो रही चौपट
बिजली कटौती से गट्टासिल्ली क्षेत्र के ग्राम कुम्हड़ाकोट, आमदी, पलारीखार, नेगीनाला, करैहा, सारंगपुरी, चिंवर्री, सांकरा, कुकरीकोन्हा, अर्जुनी, लिटीपारा, झुंझराकसा, बेधवा, खैरभर्री, विटसिंग पारा, गोंदलानाला, गट्टासिल्ली, गोविंदपुर, बटनहर्रा, दाबगांव, घोटगांव, कर्रेमुड़ा आदि गांवों में सिंचाई के अभाव में सैकड़ों एकड़ की फसल सिंचाई के अभाव में चौपट हो रही है। खेतों में दरारें पडऩे लगी है।

सीएम से करेंगे शिकायत
महिला किसान किरण नेताम, सावित्री साहू, मैकीन बाई शांडिल्य ने कहा कि एक ओर भूपेश सरकार सरप्लस बिजली की बात कहती है, वहीं धमतरी में विद्युत व्यवस्था का बुराहाल हैं। यहां के अधिकारियों की मनमानी से किसान सर्वाधिक परेशान हैं। उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही है।

 


अन्य पोस्ट