धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 21 जनवरी। केंद्र शासन की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन हेतु कुरुद एवं मगरलोड तहसील के राजस्व निरीक्षक, पटवारी, पंचायत सचिवों, डाटा एंट्री ऑपरेटरों को अविवादित नामांतरण, बंटवारा प्रकरणों का ग्राम पंचायत स्तर पर त्वरित निराकरण का प्रशिक्षण दिया गया।
शुक्रवार को जनपद पंचायत सभागार कुरुद में भू अभिलेख शाखा द्वारा आयोजित आनलाईन प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला मास्टर ट्रेनर दीपचंद भारती, राजस्व निरीक्षक वर्क लोड भू अभिलेख द्वारा बताया गया कि स्वामित्व योजना के तहत राजस्व एवं पंचायत विभाग को मिलकर कैसे काम करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल राजस्व निरीक्षक परिक्षित मरकाम, लेखेश्वरी साहू, केशव साहू, मयुरी भतपहरी, पटवारी जिवराखन कश्यप, विरेन्द्र बैस, पालसिंग ध्रुव, संजय, राजेश चन्द्राकर आदि से मिली जानकारी के अनुसार आनलाईन प्रशिक्षण में बताया गया कि केन्द्र सरकार द्वारा आबादी भूमि में वर्षों से निवासरत लोगों का ड्रोन सर्वे करा नक्शा युक्त पट्टा बनवाने की तैयारी की जा रही है । जिसमें सभी प्रकार की आबादी भूमि का ड्रोन कैमरे से फोटो लेकर मौके पर उसका सत्यापन पटवारी और पंचायत सचिवों के माध्यम से कराया जाएगा। इसके बाद ही कब्जाधारियों को नक्शा युक्त मालिकाना हक का प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा।
स्वामित्व योजना के प्रशिक्षण में सहा.अधी.भू अभिलेख पीएल भुआर्य, कुरुद जनपद सीईओ श्री यादव सहित राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।


