धमतरी

पहले दिन की कथा में जया किशोरी ने दिया सत्य पर जोर
08-Jan-2023 4:10 PM
पहले दिन की कथा में जया किशोरी ने दिया सत्य पर जोर

कथाकार,साधु- संत होते हैं देश के सांस्कृतिक राजदूत - अजय चन्द्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 8 जनवरी।
कोरोना महामारी की चपेट में आकर असमय काल का ग्रास बन चुके लोगों की आत्मा के मोक्ष प्राप्ति के नेक उद्देश्य के साथ कुरुद में विख्यात कथाकार जया किशोरी का सात दिवसीय भागवत कथा आयोजन किया गया है। जिसका शुभारंभ शनिवार को चंडी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाल कर किया गया।

बोल बम सेवा समिति के बैनर तले 7 से 13 जनवरी तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को चंडी मंदिर में पूजा अर्चना के साथ हुआ। यहां से बाजे गाजे के साथ प्रारंभ हुई कलश यात्रा में विधायक अजय चंद्राकर सपत्नीक सिर पर पोथी एवं कलश रखकर शामिल हुए। शोभायात्रा थाना, पुराना बाज़ार, हुतात्मा चौक, सरोजनी चौक, पुराना बस स्टैंड, कारगिल चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल खेल मेला मैदान पहुंची। रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। आयोजन समिति के संरक्षक अजय चन्द्राकर के आह्वान पर हजारों लोगों ने कथा स्थल में सभी कोरोना से मृत हुए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रख श्रद्धाजंलि दी।

विधायक श्री चन्द्राकर ने कथावाचक जया किशोरी और उनकी टीम का स्वागत करते हुए कहा कि आप जैसे कथाकार,साधु संत देश के सांस्कृतिक राजदूत होते हैं, जो देश विदेश में हमारी संस्कृति को विस्तार देते हैं। पहले दिन व्यास पीठ से कथा सुनाते हुए जया किशोरी ने बताया कि भगवान के तीन स्वरूप होता है, प्रथम सत्य, द्वितीय चित, तृतीय आनंद अर्थात सच्चिदानंद भगवान । उन्होंने श्रोताओं से कहा कि आप कभी असत्य ना बोले, एक झूठ को छिपाने के लिए सौ झूठ बोलना पड़ेगा। इस लिए हमें सत्यनिष्ठ जीवन जीना चाहिए। होकर सात दिनों तक कथा श्रवण कर यहां कही गई बातों का मनन करें ।

इस मौके पर प्रतिभा चन्द्राकर, ज्योति चन्द्राकर,भानु चंद्राकर, रविकांत चन्द्राकर, सुभाष अग्रवाल, कुलेश्वर चंद्राकर, राजेश पवार, अनिल चन्द्राकर, राहुल महावर, मनीष साहू, विजय केला, सुनील अग्रवाल, प्रभात बैस सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट