धमतरी

पिता की डंडे से पीटकर हत्या, बेटा फरार
04-Jan-2023 2:34 PM
 पिता की डंडे से पीटकर हत्या, बेटा फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,  4 जनवरी।
घरेलू विवाद के बाद पुत्र ने अपने पिता की हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया। बोराई पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक यह घटना 2 जनवरी की शाम की है। झुरानदी कसपुर निवासी बनसिंह सोरी (65) का किसी बात को लेकर अपने पुत्र हेमलाल सोरी (30) के साथ कहा-सुनी हो गई। यह विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि पुत्र हेमलाल सोरी तैश में आ गया और यह कहते हुए कि- बात-बात में घर की सियानी करते हो, कहकर आंगन में रखे डंडे को उठाकर पिता बनसिंह सोरी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता की मौत के बाद वह 
फरार हो गया। 

बताया जा रहा है कि आरोपी पुत्र आए दिन किसी ना किसी बात को लेकर घर में विवाद करता था। इसके चलते परिवार के लोग उससे परेशान रहते थे। वहीं कल गांव के मड़ई का हटरी भी थी। इसी दौरान यह घटना घटित हो गई। पुलिस आरोपी हेमलाल सोरी की तलाश कर रही है।   ग्रामीणों की सूचना पर बोराई टीआई युगल किशोर नाग दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवा दिया।

मुखबिरों का बिछाया जाल
आरोपी पुत्र को पकडऩे के लिए बोराई पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाया है। आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस घटना को लेकर ग्रामीणों में शोक की लहर है।
युवक की हुई संदिग्ध मौत

कोतवाली पुलिस के मुताबिक शहर के कैलाशपति नगर निवासी यशवंत ध्रुव (30) पिताबोधन ध्रुव को गंभीर अवस्था में किसी ने जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराकर चला गया। मंगलवार को उसकी मौत हो गई।  मृतक यशवंत के भाई हरीक लाल ने अस्पताल पुलिस को बताया कि सोमवार की रात 12.30 बजे महात्मा गांधी निवासी गन्नू सोनकर ने बताया कि उसका भाई जिला अस्पताल में भर्ती है। खबर पाकर वह अपनी पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचा, जहां उसका भाई गंभीर अवस्था में था। परिजनों ने बताया कि यशवंत बीते 4 साल तक गन्नू सोनकर के यहां काम करता था। कुछ दिनों से वह अपने भाई के साथ कैटरिंग में काम करने जा रहा था। सोमवार की रात करीब 9 बजे यशवंत गन्नू के घर गया था। वहां से वे बाइक में सोरम-भटगांव मड़ई-मेला देखने चला गया। इस बीच रास्ते में क्या दुर्घटना हुई या फिर मारपीट, यह स्पष्ट नहीं है।


अन्य पोस्ट