धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 3 जनवरी। धमतरी से भखारा-रायपुर फोरलेन सडक़ निर्माण को लेकर देमार के ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। नाली बनाने की मांग को लेकर कलेक्टोरेट में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जब तक यहां नाली निर्माण का काम शुरू नहीं होगा,तब तक सडक़ का काम शुरू होने नहीं देंगे।
सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्राम पंचायत देमार के सरपंच शीतल मीनपाल, ग्रामीण बसंत परदेशी मीनपाल का कहना है कि धमतरी-भखारा-रायपुर जब टू-लेन था, तब भी ग्रामीणों को नाली की समस्या का सामना करना पड़ा। सडक़ किनारे नाली नहीं होने से पानी पास नहीं होने से जगह-जगह गड्ढों में पानी भरा रहता था, लेकिन फोरलेन सडक़ की स्वीकृति मिली हैं। इसके बावजूद इस समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब तक देमार में सडक़ के दोनों छोर में नाली निर्माण का काम शुरू नहीं किया जाएगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
ग्रामीण सुरेश साहू, संतूराम, नीराबाई ने बताया कि इस रूट में आज ग्राम तेलिनसत्ती, कुरमातराई,गुजरा आदि गांवों में नाली का निर्माण किया गया है,लेकिन देमार के मामले में अधिकारियों ने चुप्पी साथ ली है। सडक़ निर्माण में लगे एजेंसी के सुपरवाइजर भी इस दिशा में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। ऐसे में नाली बनेगा या नहीं, इसे लेकर ग्रामवासी काफी चिंतित हैं। उनकी बातों को गंभीरता से सुनने के बाद अपर कलेक्टर ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शनकारियों में तुलेश कुंभकार, संजय साहू, शिवकुमार यादव, हरिशचंद्र ध्रुव, शीत कुमार साहू, परमानंद साहू, गोपाल विश्वकर्मा, नारायण साहू आदि शामिल थे।
अवैध शराब से बिगड़ा माहौल
ग्रामीण हीरालाल, गणेश्वर साहू, बल्लूराम, भोजराम ने बताया कि गांव में इन दिनों अवैध रूप से जगह-जगह शराब बिक रही हैं। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। शाम को गांव की बहू-बेटियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया हैं। उन्होंने कहा कि अर्जुनी थाना में इसकी कई बार शिकायत की, लेकिन नतीजा सिफर रहा।


