धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 2 जनवरी। सर्द-गर्म मौसम बच्चों, बड़ों की सेहत पर भारी पडऩे लगा है। रात में ठंड और दिन में गर्मी होने से वायरल फीवर का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसी का नतीजा है कि बच्चे सर्दी, खांसी और बुखार की चपेट में आकर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में यहां 150 से अधिक बच्चों का इलाज किया गया है।
सर्दी का मौसम में भी गर्मी का अहसास हो रहा है। दिन में आसमान में तेज धूप खिले होने से गर्मी और उसम लोगों को परेशान कर रहा है, लेकिन शाम होते ही ठंड का अहसास शुरू हो जाता है। 30 दिसंबर को दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री तथा रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया है। इस तरह दिन और रात के तापमान में 17 डिग्री का अंतर आया है। सर्द-गर्म मौसम के चलते वायरल फीवर का संक्रमण से तेजी से फैल रहा है।
कोरोना जांच पर भी दिया रहा जोर
कोरोना संक्रमण में भी सर्दी, बुखार का लक्षण परिलक्षित होता है। वर्तमान में शासन की ओर गाइड लाइन जारी होने के बाद लक्षण वाले बच्चों का भी कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। हालांकि अभी तक एक भी बच्चे में कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला हैं। ऐसे में उनके पालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।
इन दवाइयों की बढ़ी डिमांड
मौसमी बीमारी के चलते जिला अस्पताल में ओफ्लाक्सासिन, पैरासीटामॉल, विटामिन-सी, मल्टीविटामिन, सिट्राजिन समेत अन्य एंटीबायोटिक दवाइयों की खपत बढ़ गई है। जिला अस्पताल 15 दिनों में दो बार सीजीएमएससी से दवा की सप्लाई की जा रही है।


