धमतरी

सांसारिक भवसागर को पार करने का माध्यम है भागवत कथा- पं. मुरलीधर
29-Dec-2022 3:34 PM
सांसारिक भवसागर को पार करने का माध्यम है भागवत कथा- पं. मुरलीधर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 29 दिसंबर।
शहर सहित क्षेत्र में इन दिनों विभिन्न धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। स्थानीय अंबेडकर वार्ड गौरा-गौरी चौक में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन संजय सिन्हा एवं परिवार द्वारा किया जा रहा है।
कथा के तीसरे दिवस व्यासपीठ से पं. मुरलीधर जी महराज  ने श्रीमद् भागवत कथा पर भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम एवं भगवान कृष्ण जन्म का विस्तार से व्याख्या करते हुए कहा कि आज व्यक्ति व्यस्तता पूर्ण जीवन में भगवान के लिए समय नहीं निकाल पाता है, यही एकमात्र दुख, संकट तथा विभिन्न प्रकार के परेशानियों का कारण है। यदि प्रत्येक व्यक्ति दिन में कुछ समय निकालकर भगवान का भजन करले अपने मन को ईश्वर के चरण की भक्ति में लगा ले, तो उसका जीवन सार्थक हो जाएगा। सांसारिक भवसागर को पार करने के लिए श्रीमद्भागवत गीता ही एकमात्र रास्ता है। धार्मिक आयोजन महत्वपूर्ण है इसलिए ऐसे आयोजन को करते हुए या इस में उपस्थित होकर व्यक्ति को अपने जीवन को धन्य करना चाहिए।

उक्त अवसर पर व्यासपीठ से आशीर्वाद लेने के लिए सर्व गुजराती समाज के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतेश गांधी नगर निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा, समाजसेवी कुलेश सोनी, मुकेश शर्मा सहित अनेक लोग पहुंचे थे।
कथा श्रवण पश्चात प्रीतेश गांधी ने कहा कि सनातन धर्म में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का जीवन चरित्र व्यक्ति के जीवन का साध्य के रूप में पथ प्रदर्शन करता है। वहीं उन्होंने आगे कहा कि जीवन को किस तरीके से जीना है यह समग्र मार्गदर्शन भगवान कृष्ण की लीला में समाया हुआ है।
 


अन्य पोस्ट