धमतरी

सीएम का कुरुद आना टला, नए साल में आएंगे
29-Dec-2022 3:24 PM
सीएम का कुरुद आना टला, नए साल में आएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 29 दिसंबर। सवा
चार साल बाद भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत सीएम भूपेश बघेल का प्रस्तावित कुरुद दौरा टल गया है। सीएम अब जनवरी में आ सकते हैं।
सीएम का दौरा टलने से कांग्रेसजन निराश हैं। असंतुष्ट कांग्रेसजनों ने पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर का नाम लिए बिना कहा कि उनका रूतबा इतना है कि हमारी लाख मिन्नतों के बावजूद बिते चार सालों में कोई भी मंत्री यहां लोकार्पण भूमिपूजन जैसे बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ। जिसकी वजह से कई काम आज भी लोकार्पण का बाट जोह रहे हैं। यद्यपि कुरुद में कांग्रेस को ताकत देने के लिए एक स्थानीय नेत्री को राज्य मंत्री का दर्जा और लालबत्ती दी है, लेकिन प्रशासन और संगठन में इसका कोई असर नहीं पड़ा। अभी भी अधिकारियों को धमतरी और राजधानी के बड़े नेताओं से ही कहलवाया जाता है। ऐसी हताशा के दौर में पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री के आने की सुगबुगाहट से सत्तापक्ष में जोश का संचार हुआ था।

अपुष्ट खबरों के मुताबिक 21 से 23 दिसंबर के बीच भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री का पहली बार कुरुद आगमन होना था। जिसको लेकर कुरुद विधानसभा के चार स्थानों में हेलीपैड बन रहे थे, इसकी तैयारी में अफसर दिन रात व्यस्त थे।  टिकट के दावेदार कांग्रेसी नेता भी काफी सक्रिय थे। ऐसे में खबर आई कि सीएम जनवरी में भेंट मुलाकात करने कुरुद आ सकते हैं।


अन्य पोस्ट