धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 14 दिसंबर। हत्या कर लाश को मकई तालाब में फेंकने के मामले में पुलिस ने अब तक दर्जनभर लोगों से पूछताछ की है। इसमें पुलिस को कुछ क्लू भी मिला है, जिसके आधार पर इस अंधे कत्ल को जल्द सुलझा लेने का दावा किया जा रहा है। यह घटना अवैध संबंध की परिणिति हो सकती हैं।
सोमवार की शाम करीब 4 बजे मकई तालाब में एक व्यक्ति की लाश मिली थी। मृतक का गला धारदार हथियार से कटा हुआ था। सिर में भी गहरी चोट थी। बाद में पुलिस की जांच में मृतक की पहचान साल्हेवार पारा निवासी कांति चतुर्वेदी (35) के रूप में हुई। उसके बड़े भाई ने लाश को देखकर उसके हाथ में बने चिन्ह से पहचान की थी। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद लाश को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इधर, कोतवाली पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर को चुनौती के रूप में लिया है।
एसपी प्रशांत ठाकुर के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम जांच कर रही है। बस्ती में मुखबिरों का जाल बिछा दिया गया है। इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों में भी सादे वेश में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मकई गार्डन चौपाटी में एंट्री में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज को भी खंगाला जा रहा हैं।
थोक सब्जी मंडी में करता था काम
इस ब्लाइंड हत्याकांड के पीछे अवैध संबंध कारण हो सकता हैं। मृतक कांति चतुर्वेदी थोक सब्जी मंडी में हमाली का काम करता था। मकेश्वर वार्ड की कुछ महिलाएं भी सब्जी मंडी काम में जाती थी, जिसके घर मृतक का आना-जाना था। संभवत: यह घटना इसकी परिणिति हो सकती हैं। बहरहाल, पुलिस आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही हैं। बस्ती में पिछले दो-तीन दिनों से गायब लोगों के बारे में भी पड़ताल की जा रही है।
चौपाटी में अराजकता
घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर चौपाटी है। यहां शाम होते ही असामाजिक तत्व मंडराने लगते हैं। चौपाटी में कुछ दुकानदार देर रात तक अपनी दुकान खोलकर रखते हैं। असामाजिक तत्वों के कारण चाकूबाजी की घटनाएं भी हो चुकी है।
नशापान का गढ़ बना
मकई तालाब के आसपास ही अवैध शराब और गांजा का व्यापार भी होता है। पिछले दिनों पुलिस ने यहां एक घर से 70 किलो गांजा जब्त कर इस अनैतिक कारोबार में लगी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुछ दिन के बाद फिर फिर से अवैध शराब और गांजा की बिक्री शुरू हो गई है।


