धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 12 दिसंबर। सरोहर धरोहर योजना के तहत यहां के तालाब में गहरी एवं सौंदर्यीकरण के नाम पर करोड़ों की धनराशि खर्च हो चुकी है। लेकिन इसका कितना फायदा सरोवरों को हुआ या बनवाने वालों का, पब्लिक यह सब जानती है। फिलहाल करीब डेढ़ करोड़ की लागत से दो तालाबो का कायाकल्प कराया जा रहा है।
नगर पंचायत कुरुद वार्ड क्रमांक 2 में स्थित दानी तालाब के लिए परिषद ने शासन को 1 करोड 37 लाख का प्रस्ताव भेजा था जिस पर 59 लाख 93 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। बीते मार्च में भरे तालाब को मोटरपंप से खाली कराया गया। फिर गहरीकरण के तहत यहां से मिट्टी मुरुम निकाल गौठान सहित अन्य कई जगहों के गड्ढे पाटे गये। आरसीसी टो-वाल एवं घाट निर्माण होने तक बारिश शुरू हो गई। जिससे चार महीने काम बंद रहा। दूसरी बार मशीन की मदद से तालाब को खाली कराया गया। अभी यहां बोल्डर पिचिंग क कार्य अंतिम चरण में है।
आगे के कामों के बारे में पुछने पर दफ्तर में बैठे बैठे ही सभी कार्यो पर बारिक नजऱ रखने वाले सब इंजीनियर बीआर सिन्हा ने बताया कि दानी तालाब पार में नाली एवं पेवर ब्लाक सडक़ का काम जल्द शुरू होगा। पैसा बचा तो सोलर पैनल लाईट एवं गार्डन बनवाने का प्रयास होगा। लेकिन इस मामले में मोहल्ले वासियों का कहना है पानी की आवक जावक व्यवस्था को दुरुस्त किए बिना लाखों रुपए का खर्च व्यर्थ है।
राजेश, भरत, दिनेश, अरमान, बिष्णु, रहिम आदि का कहना हैं कि मकानों से पूरी तरह घिरे तालाब तक आम लोगों के आने जाने का रास्ता नहीं बनेगा तो प्रस्तावित सडक़, लाइट, गार्डन एवं सौंदर्यीकरण का कोई मतलब नहीं होगा।
इस बारे में सीएमओ दीपक खाड़े का कहना है कि राजस्व रिकार्ड के आधार पर इस मामले को परिषद की बैठक में रख, वार्डवासियों की भावनाओं के अनुरूप काम पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।


