धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 12 दिसंबर। सोसायटियों में 2500 रुपए समर्थन मूल्य में धान खरीदी को देखते हुए जिले में बाहरी धान की आवक बढ़ गई है। कोचियों द्वारा भी अवैध रूप से धान खरीदी-बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। मुखबिर की सूचना पर मंडी और खाद्य विभाग की टीम ने 499 कट्टा धान जब्त किया है। कोचियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
इस साल धमतरी जिले में करीब 48 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। जिले के 98 सोसाइटियों में 2500 रुपए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को देखते हुए अब धान की हेराफेरी भी काफी बढ़ गई हैं। उडऩदस्ता की टीम पड़ोसी राज्य ओडिशा की सीमा से लगे बोराई चेक पोस्ट समेत गरियाबंद, कोंडागांव, कांकेर और बालोद जिले की सीमावर्ती चेकपोस्ट पर बाहरी धान की आवक पैर नजर रखी हुई है। अब तक दर्जनभर से ज्यादा लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया हैं।
मुखबिर की सूचना पर अब प्रशासन ने अवैध रूप से धान खरीदी-बिक्री करने वाले कोचियों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते तीन-चार दिनों में 8 कोचियों के ठिकाने पर छापा मारकर 499 कट्टा धान जब्त किया है।
गांव-गांव में दे रहे दबिश
खाद्य विभाग के निरीक्षक नरेश पीपरे ने बताया कि धमतरी ब्लाक के नगर पंचायत आमदी में कोचिया केशरीमल राठी के पास आईआर-64 धान 60 कट्टा धान जब्त किया गया। इसी तरह रमेश कुमार साहू से 105 कट्टा, ग्राम सोरम में अनिल साहू से 105 कट्टा, भटगांव में चैतराम साहू से 60 कट्टा, भोयना में आत्माराम साहू से 30 कट्टा, सारंगपुरी में रामकृष्ण साहू 85 कट्टा, मेघनाथ साहू से 34 कट्टा तथा ग्राम सिवनी खुर्द में हेमलाल साहू के पास 20 कट्टा आईआई-64 धान जब्त किया गया। बताया गया है कि कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।


