धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 11 दिसम्बर। नगर पंचायत नगरी के पार्षद-एल्डरमैन धरने पर बैठे। पार्षदों ने नगर पंचायत अधिकारी होश में आओ नहीं चलेगी कमीशनखोरी, नहीं चलेगी भ्रष्टाचारी के नारे के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
नगर पंचायत नगरी में शुक्रवार को सामान्य सभा की बैठक रखी गई थी, जिसका विरोध करते हुए नगर पंचायत नगरी के पार्षद-एल्डरमैन, सभापति धरने पर बैठ सामान्य सभा की बैठक का बहिष्कार किया।
पार्षदों ने नगर पंचायत के इंजीनियरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगरी नगर में गुणवत्ताहीन कामों के साथ नगर पंचायत के इंजीनियर - कर्मचारियों के रवैया से सभी परेशान होकर धरने पर बैठे है।
पार्षदों ने आगे कहा है कि जब मुख्यमंत्री का आगमन नगरी नगर में होना है तब बैठक रखी गई है शासन-प्रशासन द्वारा दी गई राशि का उपयोग नहीं किया जा रहा है, जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। नगर पंचायत का इंजीनियर 365 दिनों में100 दिन की उपस्थिति बड़ी मुश्किल से देता है और साथ में वार्डों में जाकर ना ही निरीक्षण करता है, और ना ही ठेकेदारों द्वारा किए गए कामों का निरीक्षण करता है। ना ही जनप्रतिनिधियों का सुना जाता है। वहीं शासन द्वारा चुनाव के बाद जो तीन करोड़ की राशि दी गई है, उसका भी निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है, साथ ही आज पर्यंत तक गौठान का निर्माण नहीं हो पाया है।
धरने में नगर पंचायत नगरी के उपाध्यक्ष अजय नाहटा, लोक निर्माण विभाग के सभापति सुनील निर्मलकर, पार्षद गण भूपेंद्र साहू, विनीता कोठारी, ललिता साहू, पूनम छाबड़ा, सुनीता निर्मलकर,अश्वनी निषाद, प्रकाश पुजारी, सोहन चतुर्वेदी, टिकेश्वर ध्रुव, जियाउद्दीन रिजवी, जितेन्द्र ध्रुव, एल्डरमैन गण भरत निर्मलकर, पेमन स्वर्णबेर, नरेश छैदेहा शामिल हुए।
इस मुद्दे को लेकर नगर पंचायत अधिकारी ने कहा कि जो भी आरोप है उसकी जांच की जाएगी अगर सही पाया जाएगा तो कार्रवाई की जाएगी। रहा सवाल कार्यों की जांच का तो पूरी तरह से निरीक्षण किया जाता है।


