धमतरी
कुरूद, 9 दिसंबर। कल शाम तेज रफ्तार मेटाडोर ने घर के बाहर खेल रहे एक मासूम को चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने लाश सडक़ पर रख चक्काजाम कर दिया। लोगों को समझाने बुझाने में अधिकारियों को घंटों लग गये, तब तक मेघा रोड पर गाडिय़ों की कतार लग गई।
गुरुवार शाम स्टेट हाइवे कुरुद-मेघा मार्ग पर गाड़ाडीह में मगरलोड से धान कोढ़हा भरकर आ रही मेटाडोर ने घर के बाहर खेल रहे तीन साल के आदित्य पिता सुनेश्वर सिन्हा को अपने चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जिससे गांव में तनाव व आक्रोश व्यापत हो गया।
गुस्साए लोगों ने मासूम का शव सडक़ पर रख चक्का जाम कर दिया। जिससे देखते ही देखते सडक़ के दोनों ओर रेत वाली हाइवा और दूसरी गाडिय़ों की कतार लग गई।
रात दिन भारी वाहनों की आवाजाही से हलाकान ग्रामीणों को मनाने अपर कलेक्टर चंद्रकात कौशिक तहसीलदार नीलकंठ, एसडीओपी कृष्ण पटेल, टीआई प्राणली वैध, नायब तहसीलदार कुरेटी घंटों प्रयास करते रहे। अधिकारियों की बातों पर मुश्किल से भरोसा कर रात में चक्काजाम समाप्त किया गया, तब कहीं जाकर रेत सप्लाई करने वाले लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने गाड़ी व चालक को अपनी गिरफ्त में ले लिया है।


