धमतरी
महानदी में बढ़ा जलस्तर, तटवर्ती गांवों में अलर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 14 सितंबर। कैचमेंट एरिया कांकेर जिले से गंगरेल बांध में पानी की आवक बढ़ गई है। एक बार फिर 15 हजार क्यूसेक पानी गंगरेल बांध के 4 गेट खोलकर छोड़ा जा रहा है, जबकि 9 हजार क्यूसेक पानी रूद्री बैराज से महानदी में बहाया गया। खरीफ फसल की सिंचाई के लिए महानदी मुख्य नहर में 6 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पानी छूटने से महानदी में जलस्तर बढ़ गया है। तटवर्ती गांवों को बाढ़ से अलर्ट किया गया है।
धमतरी और कांकेर जिले के वनों और पहाड़ों में अच्छी वर्षा होने के कारण गंगरेल बांध में 12 सितंबर की रात कैचमेंट एरिया से पानी की आवक बढ़ गई। इसके बाद गंगरेल बांध से पानी छोडऩे की मात्रा बढ़ा दी गई। गंगरेल बांध का पानी रूद्री बराज लाकर यहां से महानदी और मुख्य नहर में बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा गया।
102 फीसदी भरा है गंगरेल बांध
मंगलवार की स्थिति में 32.150 टीएमसी क्षमता के गंगरेल बांध में 32.219 टीएमसी पानी जल भराव था। 102 प्रतिशत पानी था। गंगरेल बांध में 13 हजार क्यूसेक पानी की आवक होने के कारण 15 हजार पानी रुद्री बराज से छोड़ा गया। रुद्री बैराज से महानदी मुख्य नहर में 6 हजार क्यूसेक पानी खेती-किसानी के लिए छूटा है। 9 हजार क्यूसेक पानी महानदी में बहाया जा रहा है। इससे नदी में जलस्तर बढ़ गया।
अब तक 48.545 टीएमसी पानी बहाया
जलभराव क्षमता 5.839 टीएमसी है। मुरूमसिल्ली बांध में 5.743 टीएमसी पानी है। 98.98 प्रतिशत जलभराव है। यहां से 800 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दुधावा बांध में 9.986 टीएमसी पानी है। यहां 98 प्रतिशत जलभराव है। यहां से 5 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सोंढूर बांध में 6.488 टीएमसी यानि 91.82 प्रतिशत पानी भरा हुआ है। इस बांध से एक हजार 45 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
4 साल बाद खुले गेट
गंगरेल बांध के 4 साल बाद खुले। वर्ष 2018 में भारी वर्षा के बाद गंगरेल बांध का गेट खोलकर महानदी में पानी बहाया गया था। इस वर्ष 17 जुलाई को पहली बार गंगरेल बांध के सभी14 गेट खोलकर 1 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद से लगातार पानी की आवक बनी हुई है। तीन महीनों में 5 बार भारी वर्षा हो चुकी है। हर बार गंगरेल बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा गया।


