धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 25 अगस्त। नगर निगम द्वारा बकाया दुकान किराया, जलकर की बकाया राशि को वसूलने इन दिनों अभियान चल रहा है। अब तक नगर निगम की टीम ने बकायादारों की 17 दुकानों को सील कर दिया है। 6 लोगों के नल कनेक्शन काटे गए हैं।
नगर निगम के 40 वार्डों में कई ऐसे बकाया रहे हैं जो समय पर टैक्स अदा नहीं करते इनमें सबसे ज्यादा जलकर के बकायादार हैं जिनसे लाखों रुपये का राजस्व नगर निगम को वसूलना है। नगर निगम के अनुसार जलकर में 40 से अधिक बकायेदारों को नोटिस दिया गया है। इनमें बड़े बकायादार लालबगीचा, रिसाईपारा पूर्व, रामसागर पारा, सदर दक्षिण, सदर उत्तर, मराठापारा और सुंदरगंज वार्ड के अलावा अन्य वार्ड के रहवासी शामिल हैं। इन सभी बकायादारों से 10 लाख से अधिक का टैक्स वसूलना है। कई ऐसे भी दुकान किराया के बकायादार हैं, जिनका 20 हजार से अधिक का बकाया किराया है निगम अब ऐसे लोगों पर सख्ती के साथ पेश आ रही है।
68.19 लाख की हो पाई वसूली
करीब सवा लाख की आबादी वाले धमतरी शहर में पानी, बिजली समेत अन्य सुविधा प्रदान करने के एवज में नगर निगम प्रशासन की ओर से राजस्व वसूला जाता है। वित्तीय वर्ष-2021-22 व वर्ष-2022-23 में चालू और बकाया मांग को मिलाकर निगम प्रशासन को संपत्ति कर के रूप में 249.28 लाख, समेकित कर के रूप में 139.36 लाख, जलकर के रूप में 192.10 लाख, दुकानों का किराया 67.57 लाख, यूजर चार्जेस के 30.05 लाख रूपए वसूली करने लक्ष्य रखा है। 6 करोड़ 92 लाख 49 हजार रूपए की वसूली करना है, जिसमें से अब तक 68 लाख 19 हजार रूपए की राजस्व की वसूली हो पाया है। यह कुल वसूली का 9.85 प्रतिशत है। सूत्रों की मानें तो अब तक की स्थिति सबसे ज्यादा संपत्ति कर का बकाया है। इसमें 2 करोड़ 49 लाख 28 हजार रूपए की वसूली के एवज में अब तक मात्र 22 लाख 90 हजार रूपए की राजस्व की प्राप्ति हुई है। कुल वसूली का 9.19 प्रतिशत है। इसी तरह यूजर चार्ज के रूप में 14 लाख 13 हजार रूपए की वसूली हुई है। यह कुल वसूली का सिर्फ 2.23 फीसदी है।


