धमतरी

गोठानों में समय पर गोबर खरीदी नहीं, अफसरों का रुकेगा वेतन, सचिवों को भी चेतावनी
03-Aug-2022 11:00 PM
गोठानों में समय पर गोबर खरीदी नहीं, अफसरों  का रुकेगा वेतन, सचिवों को भी चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 3 अगस्त।
जिले में 276 गोठान हैं। इनमें से कई गांव में गोबर खरीदी की गति सुस्त है। कई गांवों से लगातार इसकी शिकायत आ रही है। जिसे गंभीरता से लेकर अब कलेक्टर पीएस एल्मा ने कार्रवाई के मूड में हैं। बैठक में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गोठानों में समय पर गोबर खरीदी नहीं हुई तो अब संबंधित अधिकारियों का वेतन रूकेगा। पूर्व कुछ माह पूर्व कलेक्टर ने सचिवों पर भी कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन आदेश पर कार्रवाई नहीं हुई।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 2 अगस्त को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की विकासखंडवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गोबर खरीदी और उससे वर्मी खाद तैयार करने की प्रक्रिया सभी गोठानों में सतत् जारी रहनी चाहिए और इसकी लगातार मॉनिटरिंग संबंधित जनपद पंचायत के सीईओ द्वारा किया जाए। उन्होंने 28 जुलाई से भटगांव और सारंगपुरी गोठानों में गोमूत्र खरीदी की जानकारी ली। कलेक्टर ने सारंगपुरी में गोमूत्र संग्रहण में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंका महोबिया निर्माण की स्थिति की समीक्षा की।

दो गोठानों से 121 लीटर गोमूत्र संग्रहित
उप संचालक कृषि मोनेश साहू ने बताया कि भटगांव में 105 लीटर और सारंगपुरी में 16 लीटर गोमूत्र का संग्रहण किया गया है। जिले के सक्रिय 276 गोठानों में अब तक तीन लाख 66 हजार 640 क्विंटल गोबर खरीदा गया जिसमें से 69 हजार 558 क्विंटल वर्मी खाद और 9 हजार 490 क्विंटल सुपर कम्पोस्ट तैयार किया गया है। इनमें से 85.4 प्रतिशत वर्मी और 34.28 प्रतिशत सुपर कंपोस्ट बेचा जा चुका है।
 


अन्य पोस्ट