दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 26 नवंबर। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को नगर में पूरे श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बचेली के वार्ड क्रमांक 3 स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही और पूरा परिसर भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में गुरु महाराज की अरदास, भजन-कीर्तन एवं शबद-कीर्तन का आयोजन किया गया। कीर्तन की मधुर धुनों से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया गया। इसमें नगर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। यह आयोजन सिख धर्म की सेवा, समानता और मानवता की भावना को साकार करता नजर आया।
इससे दो दिन पूर्व प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में नगर में भव्य नगर कीर्तन भी निकाला गया था। नगर कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, सद्भाव और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। नगर कीर्तन में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे नगर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।