दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 21 नवम्बर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले स्थित नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नगरीय निकाय का नाम गौरवान्वित किया है। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए नगर पालिका बड़े बचेली को एक लाख से कम जनसंख्या वाली श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र (अम्बेडकर भवन) में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर के करकमलों से नगर पालिका बड़े बचेली को राष्ट्रीय पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन व विकास विभाग के भारसाधक मंत्री अरुण साव, नगरीय प्रशासन सचिव सोनमणी वोरा तथा संचालक नीलेश क्षीरसागर की गरिमामयी उपस्थिति रही। नगर पालिका परिषद बड़े बचेली की ओर से अध्यक्ष राजू जायसवाल, उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी. टी. एम. कृष्णा राव ने मंच से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सह प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया।
इस राष्ट्रीय सम्मान पर नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी ने समस्त नगरवासियों, पथ विक्रेताओं और निकाय के अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान सामूहिक प्रयासों और योजना के पारदर्शी क्रियान्वयन का परिणाम है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी. टी. एम. कृष्णा राव ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र पथ विक्रेताओं को समय पर ऋण उपलब्ध कराने, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सतत अभियान चलाया गया, जिसके फलस्वरूप यह राष्ट्रीय स्तर का प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे दंतेवाड़ा जिले एवं बड़े बचेली नगर क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।