दन्तेवाड़ा

चक्रवात ‘अकवान’: पकी फसलों की तेजी से कटाई करें किसान
17-Nov-2026 9:41 PM
चक्रवात ‘अकवान’: पकी फसलों की तेजी से कटाई करें किसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 17 नवंबर। दंतेवाड़ा में धान की कटाई और मिंजाई तेजी से जारी है। वहीं बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से धान की फसल दुष्प्रभाव पडऩे की आशंका है।

भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक चक्रवात अपमान शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है इसके फलस्वरुप दंतेवाड़ा में आगामी शुक्रवार और शनिवार को तेज बारिश की आशंका है। इसके साथ ही साथ तेज हवाओं की आशंका भी जताई गई है। मौसम की विपरीत दशाओं से धान की फसल को नुकसान की आशंका है।

इन विषम परिस्थितियों में जिला प्रशासन किसानों के हित में विशेष प्रयास कर रहा है। इसके अंतर्गत किसानों और पशुपालकों को सतर्क रहने तथा फसलों एवं पशुधन की सुरक्षा हेतु सतर्कता पूर्वक कृषि कार्य करने की अपील की है।

सतर्क रहे किसान - कलेक्टर

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए समय रहते अपनी फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। जिन खेतों में धान, मक्का एवं अन्य खरीफ फसलें पककर तैयार हो चुकी हैं, उनकी कटाई शीघ्र पूर्ण कर लें। इसी क्रम में वर्ष आरंभ होने से पूर्व कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें। उक्त प्रयासों से मौसम की प्रतिकूल दशाओं से नुकसान की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।

ढक कर रखें कटे हुए धान

कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि यदि किसी कारणवश कटी हुई फसल को घर या गोदाम तक पहुंचाना संभव नहीं हो तो उसे खेत में ऊंचे एवं सुरक्षित स्थान पर एकत्र करें। इसके उपरांत तिरपाल से पूरी तरह ढककर रखें। खराब मौसम के दौरान तिरपाल को मजबूती से बांधें। जिससे तेज हवाएं तिरपाल और धान को नुकसान ना कर सके। इसी क्रम में खेतों एवं फसल भंडारण स्थलों पर बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। धान सहित अन्य उपज को भंडारित करते समय नमी से बचाव का विशेष ध्यान रखें। पशुपालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पशुओं एवं मुर्गियों को खुले स्थानों पर न रखें। सुरक्षित एवं मजबूत शेड के भीतर रखें। पशुओं के लिए चारा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुरक्षित एवं सूखे स्थानों पर रखें, ताकि बारिश एवं तेज हवाओं के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिला प्रशासन ने किसानों से आगामी दिनों में मौसम संबंधी सूचनाओं पर लगातार नजर रखने तथा कृषि विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट