दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 14 नवंबर। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। बचेली के सेम्पलेक्स नाला के समीप स्थित छठ घाट पर भी पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। घाट पर व्रती महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना और तैयारियों में जुटी हुई हैं।
छठ घाट के किनारे मिट्टी से बने पूजा स्थलों और वेदियों को फूल, सिंदूर, हल्दी तथा अन्य पूजन सामग्री से सजाया जा रहा है। महिलाएं पारंपरिक तरीके से पूजा की तैयारियां करती नजर आ रही हैं। घाट परिसर में छठ पर्व की आस्था और धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिल रही है।
पहले दिन नहाय खाय और दूसरे दिन खरना
छठ पूजा चार दिवसीय महापर्व है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है, जिसमें व्रती स्नान कर शुद्धता और सात्विकता के साथ भोजन ग्रहण करती हैं। दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर, रोटी तथा अन्य प्रसाद ग्रहण करती हैं। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।
तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, जबकि चौथे और अंतिम दिन सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण किया जाएगा।
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इस दौरान व्रती महिलाएं घाट किनारे पानी में खड़े होकर बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना तथा अन्य प्रसाद सजाकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगी। इस विशेष अनुष्ठान में परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है।