दन्तेवाड़ा

बस्तर ओलम्पिक: कमिश्नर ने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया
05-Nov-2026 9:00 AM
बस्तर ओलम्पिक: कमिश्नर ने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 4 नवंबर। बस्तर ओलंपिक में शामिल खिलाडिय़ों में जोश भरने आयुक्त, बस्तर संभाग डोमन सिंह बुधवार को दंतेवाड़ा पहुंचे। इस  दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया। उन्हें खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर श्री सिंह ने कबड्डी सीनियर पुरुष वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले, रस्साकशी सीनियर महिला वर्ग एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का अवलोकन किया। उन्होंने खिलाडिय़ों के जोश, उत्साह और खेल कौशल की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

इस अवसर पर कमिश्नर ने चेन्नई से आई वालीबॉल महिला टीम के खिलाडिय़ों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उक्त टीम एवं दंतेवाड़ा की टीम के मध्य आयोजित सदभावना मैच के खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी।

साथ ही गीदम विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र पाहुरनार एवं बड़ेकरका से पहली बार बस्तर ओलंपिक में भाग लेने पहुंची वॉलीबॉल टीमों के खिलाडिय़ों से संवाद किया। उन्होंने इन क्षेत्रों से आए खिलाडिय़ों के उत्साह, लगन और खेल के प्रति समर्पण की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।

कमिश्नर श्री सिंह ने खिलाडिय़ों को नियमित अभ्यास करने, अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने तथा भविष्य में जिला, संभाग एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोडऩे के साथ ही बस्तर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान एसडीएम रामसिंह सोरी और  सीईओ परमेश्वर कुर्रे मौजूद थे।


अन्य पोस्ट