दन्तेवाड़ा

चिन्हारी द गर्ल बैंड ने किया रोमांचित
03-Nov-2026 10:20 PM
चिन्हारी द गर्ल बैंड ने किया रोमांचित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 3 नवंबर। राज्य उत्सव पर मुख्यालय स्थित मेंडका डोबरा मैदान में रायपुर के प्रसिद्ध ‘चिन्हारी द गर्ल बैंड’ की संगीतमय प्रस्तुति से श्रोता जान झूम उठे। राज्योत्सव की इस वर्ष की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ को साकार करती बैंड की प्रस्तुति महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल बनी।

चिन्हारी द गर्ल बैंड छत्तीसगढ़ का एकमात्र गर्ल बैंड है, जिसने अपनी संगीत प्रतिभा के दम पर प्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। बैंड को राज्यपाल द्वारा स्वयं आमंत्रित कर रायपुर स्थित लोकभवन में प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जा चुका है।

बैंड की मुख्य गायिकाओं में मेघा बोस ताम्रकार और जयश्री नायर शामिल हैं। सलोनी ड्रम, रितु चंद्राकर एवं शीतल गिटार तथा सानिया की-बोर्ड पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती हैं। वहीं नवोदित साहू साउंड इंजीनियर के रूप में बैंड को तकनीकी सहयोग प्रदान करते हैं।बैंड ने अपनी प्रस्तुति में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, सुआ गीत, करमा, ददरिया और लोकधुनों के साथ बॉलीवुड एवं क्षेत्रीय फ्यूजन गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

जिला प्रशासन द्वारा चिन्हारी द गर्ल बैंड के सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। बैंड की प्रस्तुति ने राज्योत्सव के सांस्कृतिक आयोजन में चार चांद लगाने के साथ ही यह संदेश दिया कि अवसर और मंच मिलने पर बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, पायल गुप्ता, कमला नाग और ओजस्वी मंडावी मौजूद थी।


अन्य पोस्ट