दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 31 अक्टूबर। भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में प्रात: 7 बजे पुलिस लाइन दंतेवाड़ा में एकता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया।
एकता दौड़ में पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे एवं राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया। आयोजन में विभिन्न वर्गों के लोगों की व्यापक भागीदारी ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण एवं जनभागीदारी का प्रतीक बनाया।
कार्यक्रम के दौरान एकता दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के माध्यम से बच्चों एवं युवा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। इससे खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने तथा भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खुंटे, अपर कलेक्टर भरतराम ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक गौरव ठाकुर, आकांक्षा ठाकुर रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे।