दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 29 अक्टूबर। दंतेवाड़ा जिले में छात्रावास अधीक्षक लंबे समय से संसाधनों की कमी, अतिरिक्त कार्यभार और विभिन्न समस्याओं को लेकर लामबंद हैं। ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर मेस बजट में कटौती की आशंका के विरोध में छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के बैनर तले सैकड़ों अधीक्षकों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। अधीक्षकों ने 12 को सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया है।
अधीक्षकों का कहना है कि बीते चार वर्षों में बच्चों की शिष्यवृत्ति राशि में वृद्धि नहीं हुई है, जबकि महंगाई बढ़ी है। मेस एक सामूहिक खर्च है, जिससे बच्चों की अनुपस्थिति के बावजूद ईंधन, सब्जी और मसालों के खर्चे में अंतर नहीं आता। ऐसे में बजट कटौती से बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
अपर कलेक्टर ने ज्ञापन को शासन के सचिव एवं आयुक्त कार्यालय तक भेजने का आश्वासन दिया है। अधीक्षकों ने मांगें पूरी न होने पर आगामी 12 नवंबर को जिला मुख्यालय में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल तथा आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
अधीक्षकों की प्रमुख मांगें- मेस राशि के अलावा सफाई, बिजली, बोर मरम्मत, दवाइयों और प्राथमिक उपचार के लिए अलग से बजट उपलब्ध कराया जाए।
न्यूनतम 24 दिन की उपस्थिति पर पूरा मेस बजट दिया जाए तथा मेडिकल अवकाश का प्रावधान लागू हो। 24 घंटे की ड्यूटी व्यवस्था को समाप्त कर निश्चित कार्य घंटे, साप्ताहिक अवकाश और गैर-विभागीय कार्यों से मुक्ति दी जाए। अधीक्षक संवर्ग का पुनर्गठन कर समयबद्ध पदोन्नति, न्यायसंगत स्थानांतरण और स्पष्ट सेवा नियम बनाए जाएं। सर्वर और नेटवर्क की समस्याओं के लिए अधीक्षकों को जिम्मेदार न ठहराया जाए।