दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 28 अक्टूबर। जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा, तार्किक क्षमता और नेतृत्व कौशल प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। मेरा युवा भारत केंद्र, दंतेवाड़ा के तत्वावधान में ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट - 2027’ के अंतर्गत 3 नवंबर -2026 को कन्या महाविद्यालय, दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवा राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगे।
शीर्ष तीन प्रतिभागी विधानसभा में देंगे प्रस्तुति
इस आयोजन की विशेष बात यह है कि दंतेवाड़ा जिले से चयनित शीर्ष तीन प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद राज्य स्तर पर चयनित छत्तीसगढ़ के तीन प्रतिभागी देश के संसद भवन में अपनें विचार रखेंगे। इस तरह जिले के युवाओं को अपनी वैचारिक क्षमता और नेतृत्व कौशल प्रदर्शित करने के साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों को इस विषय के पक्ष अथवा विपक्ष में अपने विचार तार्किक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने होंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को भाषण के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा तथा भाषण हिंदी अथवा अंग्रेजी में प्रस्तुत किया जा सकेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 17 अगस्त 2026 की स्थिति में प्रतिभागियों की आयु 18 से 25 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। यदि दो या अधिक प्रतिभागियों के अंक समान होते हैं, तो बराबरी की स्थिति का निर्णय करने के लिए विषय से संबंधित 10 अंकों का तात्कालिक प्रश्न पूछा जाएगा।
‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट’ का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति उनकी समझ को मजबूत बनाना है। यह मंच युवाओं को महत्वपूर्ण विषयों का अध्ययन करने, तथ्यों के आधार पर अपने विचार रखने और स्वस्थ लोकतांत्रिक संवाद में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है।