दन्तेवाड़ा

द्वितीय चरण की जनगणना सफल बनाने दी जानकारी
28-Oct-2026 9:55 PM
द्वितीय चरण की जनगणना सफल बनाने दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 28 अक्टूबर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन विगत् 26 - 27 अक्टूबर को संयुक्त जिला कार्यालय में किया गया। प्रमुख जनगणना अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया और आवश्यक कार्यों की गहन जानकारी दी गई।

जनगणना कार्य निदेशालय, रायपुर द्वारा जिला दंतेवाड़ा के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर हिरेन्द्र कुमार सिन्हा, सहायक संचालक तथा उमा महेश्वर अतला, सहायक अनुसंधान अधिकारी नें प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों, अनुविभागीय जनगणना अधिकारियों, चार्ज जनगणना अधिकारियों, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारियों, चार्ज जनगणना लिपिकों एवं तकनीकी सहायकों को द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना से संबंधित प्रक्रियाओं, दायित्वों एवं कार्ययोजना की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य जनवरी-फरवरी - 2027 में किया जाएगा।

इस कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ करना होगा। प्रशिक्षण में जनसंख्या गणना के कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने तथा मैदानी स्तर पर आवश्यक तैयारियां करने पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी, सभी अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसीलदार एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी, चार्ज जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायक मौजूद थे।


अन्य पोस्ट