दन्तेवाड़ा
अफसर-कर्मियों ने ली ईमानदारी और पारदर्शिता की शपथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 26 अक्टूबर। एनएमडीसी लिमिटेड के बैलाडीला लौह अयस्क खदान, बचेली कॉम्प्लेक्स में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ हुआ। केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह की थीम समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा है।
प्रशासनिक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख कोडाली श्रीधर एवं उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) के. लक्ष्मी नागवेणी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों का पालन करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख कोडाली श्रीधर ने कहा कि सत्यनिष्ठा जनविश्वास और सतत प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने संगठन में पारदर्शी एवं नैतिक कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने और भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
सप्ताहभर जागरूकता गतिविधियां
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान कर्मचारियों, उनके परिवारों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता से निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा कार्यशालाओं और जागरूकता ग्राम सभाओं के माध्यम से नैतिक आचरण एवं सुशासन का संदेश दिया जाएगा।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर इंटीग्रिटी’ का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें एनएमडीसी कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों और विद्यार्थियों की सहभागिता अपेक्षित है।
वहीं, 17 अगस्त से 16 नवंबर तक चल रही अभियान अवधि में लंबित शिकायतों एवं अनुशासनात्मक मामलों का समयबद्ध निपटारा, कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि, प्रौद्योगिकी के माध्यम से पारदर्शिता तथा संविदा प्रबंधन में सुधार जैसे निवारक सतर्कता उपायों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एनएमडीसी बीआईओएम बचेली का सतर्कता विभाग इन पहलों के माध्यम से संगठन में ईमानदारी, जवाबदेही और पारदर्शिता की संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत है।