दन्तेवाड़ा

बेटियों का कार्यालयों में भ्रमण
24-Oct-2026 9:47 PM
बेटियों का कार्यालयों में भ्रमण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 24 अक्टूबर। जिला प्रशासन के निर्देशन में ‘बिटिया ञ्च वर्क’ अभियान के अंतर्गत बालगृह बालिका, टुमॉरोज फाउंडेशन संस्था में निवासरत 20 बालिकाओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों का भ्रमण कराया गया। इसका उद्देश्य बालिकाओं को शासकीय कार्यप्रणाली से परिचित कराना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा उन्हें शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी तनुजा बेलसरिया एवं डिप्टी कलेक्टर चंचल पैकरा ने बालिकाओं के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में प्राप्त अवसरों, चुनौतियों और सफलता के अनुभवों के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण एवं आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने बालिकाओं को जीवन में अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

इसके पश्चात जिला मिशन समन्वयक सरिता देशमुख ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।

कार्यक्रम के अगले चरण में कलेक्ट्रेट के अधीक्षक शिव शंकर राव ने बालिकाओं को परिसर की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्हें कार्यालयीन व्यवस्था, शासकीय पत्राचार, प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा आम नागरिकों को प्रदान की जाने वाली शासकीय सेवाओं की जानकारी दी गई। इससे बालिकाओं को जिला प्रशासन के कार्यों और विभिन्न विभागों की भूमिका को नजदीक से समझने का अवसर मिला।

साइबर सेल का भ्रमण

इसके उपरांत बालिकाओं को साइबर सेल का भ्रमण कराया गया। यहां उन्हें साइबर अपराधों के प्रकार, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन उत्पीडऩ की स्थिति में सतर्क रहने और उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में बालिकाओं ने सखी वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण किया। यहां उन्हें हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए उपलब्ध परामर्श, पुलिस सहायता, विधिक सहायता, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सहयोगात्मक सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और इन सुविधाओं के महत्व से अवगत कराया गया।


अन्य पोस्ट