दन्तेवाड़ा

बचेली के गौरव पथ पर शुरू हुआ पैचवर्क, लोगों को मिलेगी राहत
22-Oct-2026 7:02 PM
बचेली के गौरव पथ पर शुरू हुआ पैचवर्क, लोगों को मिलेगी राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 22 अक्टूबर। बचेली नगर के बदहाल गौरव पथ की मरम्मत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सडक़ पर पैचवर्क का कार्य शुरू हो गया है। पिछले कई महीनों से गड्ढों और धूल की समस्या से जूझ रहे नगरवासियों को इससे कुछ राहत मिलेगी।

 सेंट्रल वर्कशॉप से नगर पालिका की ओर जाने वाले मार्ग तक करीब दो किलोमीटर लंबे गौरव पथ की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई थी। सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सडक़ के कुछ हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने की समस्या भी सामने आई थी। वहीं, सडक़ से उडऩे वाली धूल ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। गौरव पथ पर चल रहे पैचवर्क कार्य की निगरानी लोक निर्माण विभाग के एसडीओ यात्री भारद्वाज एवं इंजीनियर पी.आर. मंडावी द्वारा की जा रही है। दोनों अधिकारियों की देखरेख में विभागीय भी दुरुस्त करने के कार्य में जुटे हुए हैं।

शिकायतों और समाचारों के बाद तेज हुई पहल-

गौरव पथ की बदहाली को लेकर नगरवासियों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही जिला कलेक्टर को लिखित आवेदन देकर मरम्मत की मांग की थी। इसके अलावा  ‘छत्तीसगढ़’में भी इस समस्या को कई बार प्रमुखता से प्रकाशित कर संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था।

सडक़ की बदहाल स्थिति लगातार चर्चा में रहने के बाद पैचवर्क का कार्य शुरू हो गया है। अब सडक़ पर काम शुरू होने से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है। ह

बारिश से पहले रिन्यूअल की उम्मीद

लोक निर्माण विभाग के अनुसार, गौरव पथ के व्यापक नवीनीकरण के लिए शासन को प्रकरण भेजा गया है। आगामी बारिश से पहले सडक़ का रिन्यूअल कराने की योजना है। यदि इस संबंध में स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी होती है, तो सडक़ की स्थिति में व्यापक सुधार की उम्मीद की जा सकती है।

 फिलहाल पैचवर्क से लोगों को कुछ राहत मिलने की संभावना है, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए मरम्मत की गुणवत्ता भी महत्वपूर्ण होगी। अब नगरवासियों की निगाहें शासन से रिन्यूअल के प्रकरण पर मिलने वाली स्वीकृति और बारिश से पहले सडक़ के नवीनीकरण पर टिकी हैं।


अन्य पोस्ट